विज्ञापन

जूनियर छात्रों को बैट और डंडों से पीटा, ओडिशा के सरकारी स्कूल से निकाले गए 7 छात्र

Odisha School Ragging Case: सरकारी स्कूल में रैगिंग का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें 10वीं के कुछ छात्र अपने जूनियर छात्रों की पिटाई करते दिख रहे थे. पेरेंट्स के विरोध के बाद अब सभी को स्कूल से निकाल दिया गया है.

जूनियर छात्रों को बैट और डंडों से पीटा, ओडिशा के सरकारी स्कूल से निकाले गए 7 छात्र
ओडिशा के सरकारी स्कूल का मामला

ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक सरकारी आवासीय स्कूल के 10वीं कक्षा के सात छात्रों को स्कूल से निकाल दिया गया है. इन छात्रों पर आरोप है कि ये हॉस्टल देर से लौटे और अपने जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की. इसके अलावा मारपीट करने के भी आरोप हैं. इसके बाद सभी छात्रों को स्कूल से तुरंत निकाल दिया गया. अधिकारियों के मुताबिक, ये घटना रविवार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की तरफ से चलाए जा रहे एक स्कूल में हुई.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

ये पूरा मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ. इस वीडियो में सीनियर छात्र, जूनियर छात्रों को क्रिकेट बैट, लाठियों और झाड़ू से पीटते हुए दिखाई दे रहे थे. अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद स्कूल के हेडमास्टर ने चांडिली पुलिस स्टेशन में आरोपी छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. 

पीड़ित छात्रों के अभिभावकों के विरोध और लोगों के गुस्से को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने अनुशासनहीनता के कारण सातों छात्रों को स्कूल से निष्कासित कर दिया और उनका ट्रांसफर सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया.

मामले की जांच हुई शुरू

इस पूरी घटना को लेकर जिला कल्याण अधिकारी (DWO) आशिमा राव ने कहा, "हमने 10वीं के इन छात्रों के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई इसलिए की है, क्योंकि वे पहले भी ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए गए थे." आशिमा राव ने बताया कि स्कूल प्रशासन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित विभाग ने भी इस घटना की जांच शुरू कर दी है, जबकि रायगड़ा जिला प्रशासन ने स्कूल के हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

छात्रों और अभिभावकों के बीच माहौल ठीक करने और भरोसे के लिए तुरंत अभिभावकों के साथ एक बैठक भी बुलाई गई, जिसमें ये सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगीं. इस स्कूल में कक्षा 8 से 10 तक 200 से ज्यादा छात्र पढ़ाई करते हैं.

ये भी पढ़ें - बैग टांगा, पहनी कैप... स्टूडेंट बनकर फ्रेशर्स पार्टी में पहुंचे IIT मद्रास के डायरेक्टर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
School Ragging, Odisha School, Viral Video, Ragging Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com