शिक्षा मंत्रालय ने 'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' (NMMSS) के लिए आवेदन करने की तारीख बढ़ा दी है. इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने की इच्छा रखने वाले छात्र 30 सितंबर तक फॉर्म भर सकते हैं. योग्य और मेधावी छात्रों को 'नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल' (NSP) के जरिए आवेदन करना होगा. ये स्कीम केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के तहत स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा चलाई जा रही. 'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चों के लिए है. इस योजना के लिए राज्य सरकार, सरकार से सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अप्लाई कर सकते हैं. स्कॉलरशिप के जरिए हर छात्र को हर साल 12,000 रुपये दिए जाते हैं.
हर साल 1 लाख नई स्कॉलरशिप
इस स्कीम के जरिए हर साल 1 लाख नई स्कॉलरशिप देती है. ये स्कॉलरशिप कक्षा 9 के उन छात्रों को दी जाती है, जो संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की सरकारों की से आयोजित स्कॉलरशिप चयन परीक्षा पास करते हैं. वहीं छात्र के एकेडमिक परफॉर्मेंस के आधार पर, कक्षा 10 से 12 तक रिन्यूअल के जरिए स्कॉलरशिप जारी रखी जाती है.
इस स्कीम का मकसद है कि छात्र शुरुआती स्तर यानी कक्षा 8 के बाद पढ़ाई न छोड़ें. उन्हें कक्षा 12 तक अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके. डेटा के अनुसार 31 अगस्त तक, 79,398 नए और 1,87,208 रिन्यूअल (नवीनीकरण) आवेदन जमा किए जा चुके थे.
जानें कौन से छात्र कर सकते हैं आवेदन
- जिनके माता-पिता की सालाना आय 3.50 लाख रुपये से अधिक न हो.
- स्कॉलरशिप के लिए होने वाले सिलेक्शन टेस्ट में बैठने के लिए 7वीं कक्षा की परीक्षा में कम से कम 55% अंक या उसके बराबर ग्रेड मिला हो.
- सिलेक्शन टेस्ट पास करना अनिवार्य है.
- अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) कैटेगरी के छात्रों के लिए को अंकों 5% की छूट दी जाती है.
इस स्कीम की सबसे खास बात ये है कि इसके लिए चुने गए छात्रों के बैंक खातों में सीधे इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर के जरिए राशि भेजी जाती हैं.
ये भी पढ़ें-थलापति विजय के बेटे जेसन संजय क्या करते हैं? इन देशों से की है पढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं