- हरियाणा पब्लिक सिविल सर्विसेज परीक्षा का परिणाम 9 अक्टूबर 2026 को घोषित हुआ
- मानवी लोहान ने बिना कोचिंग के सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन टेस्ट सीरीज से लगातार मेहनत कर आठवां स्थान प्राप्त किया
- उन्होंने 2023 से तैयारी शुरू की थी, पहली बार प्रीलिम्स में असफल होने के बाद भी हार नहीं मानी
हरियाणा पब्लिक सिविल सर्विसेज परीक्षा का परिणाम 9 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया. हिसार के सेक्टर 9-11 निवासी मानवी लोहान ने सफलता हासिल की है. मानवी ने बिना कोचिंग के सेल्फ स्टडी के दम पर यह मुकाम पाया. उन्होंने ऑनलाइन टेस्ट सीरीज का सहारा लिया और लगातार मेहनत की.
मानवी ने बताया कि उन्होंने 2023 से परीक्षा की तैयारी शुरू की थी. पहली कोशिश में उनका प्रीलिम्स भी क्लियर नहीं हुआ था, लेकिन उन्होंने असफलता को अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया. इसके बाद उन्होंने दोबारा तैयारी शुरू की और इस बार सफलता हासिल की. 383.30 अंकों के साथ प्रदेशभर में आठवां स्थान हासिल किया.

manvi lohan hcs success story without coaching self study hisar haryana
Photo Credit: NDTV
सप्ताह में एक दिन पढ़ाई से ब्रेक
लंबे समय तक तैयारी करने के बावजूद मानवी ने खुद को पूरी तरह सामाजिक जीवन से अलग नहीं किया. वह सप्ताह में एक दिन पढ़ाई से ब्रेक लेती थीं. इस दौरान वह गाने सुनती थीं, फिल्में देखती थीं, परिवार के साथ समय बिताती थीं और कई बार अपने दादा-दादी के पास भी जाती थीं. उनका मानना है कि लंबे लक्ष्य के लिए मानसिक रूप से फ्रेश रहना भी जरूरी है.
मानवी के पिता डॉ. जगदीश लोहान आदमपुर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोली में प्राचार्य हैं. उनकी माता सुमन गृहिणी हैं और करीब 12 वर्ष तक शिक्षिका रह चुकी हैं. उनके भाई यश लोहान आदमपुर के राजकीय महाविद्यालय में प्राध्यापक हैं.
नियमित अध्ययन से मिली सफलता
रोजाना छह से आठ घंटे की पढ़ाई और निरंतर आत्म-मूल्यांकन को सफलता की कुंजी मानने वाली सेक्टर 9-11 निवासी मानवी ने अपने परिवार के विश्वास को साकार किया है. वर्ष 2023 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की. उनका लक्ष्य प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जमीनी स्तर पर काम करना तथा शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनसुलभ बनाना है.
मानवी ने अपनी सफलता का श्रेय भाई यश लोहान के सहयोग को दिया है. सेक्टर 13 निवासी उनके दादा ओपी लोहान ने उन्हें प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया और हरियाणा सामान्य ज्ञान के नोट्स भी तैयार करके दिए. माता सुमन, पिता डॉ. जगदीश लोहान तथा रोहतक निवासी मामा अशोक कुमार और अनिल कुमार ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया. मानवी ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरी स्कूल और माध्यमिक शिक्षा ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की.
यह भी पढ़ें- देश को सबसे ज्यादा IAS-IPS देने वाले माधोपट्टी की मुस्कान सोलंकी का कमाल, ये भी बनी अफसर
यह भी पढ़ें- Success Story: नीवा दुग्गल ने पास की HCS परीक्षा, मां IRS अफसर से बनीं MP, पिता रहे DIG
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं