विज्ञापन

IPS अन्ना सिन्हा के निशाने पर जम्मू की 'खौफ गैंग', आतंकवाद के बाद अब गैंगस्टर कल्चर से खतरा

IPS अन्‍ना स‍िन्‍हा ने जम्‍मू के युवाओं में बढ़ते गैंगस्‍टर कल्‍चर पर‍ च‍िंता जताइ है. उनकी अरन‍िया पुल‍िस टीम ने खौफ गैंग के छह बदमाशों को पकड़ा है. जम्‍मू पुल‍िस मुख्‍यायल में एसपी अन्‍ना स‍िन्‍हा एजीएमयूटी कैडर में 2022 की आईपीएस अध‍िकारी हैं. 

IPS अन्ना सिन्हा के निशाने पर जम्मू की 'खौफ गैंग', आतंकवाद के बाद अब गैंगस्टर कल्चर से खतरा
अन्‍ना स‍िन्‍हा UPSC स‍िविल सेवा परीक्षा 2021 में AIR 112 हास‍िल करके आईपीएस बनीं. 
  • जम्‍मू-कश्‍मीर में युवा पढ़ाई छोड़कर गुंडागर्दी की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे गैंगस्‍टर कल्चर बढ़ रहा है
  • पुलिस ने खौफ गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से पिस्टल और बड़े चाकू बरामद हुए हैं
  • एसपी अन्‍ना सिन्‍हा ने युवाओं में बढ़ते गैंगस्‍टर कल्चर को रोकने और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है

आतंकवाद के दंश से उबरते जम्‍मू-कश्‍मीर की रगों में क्‍या अब गैंगस्‍टर कल्‍चर का नया जहर घुलने लगा है. बुलेट से बैलेट की तरफ लौटती घाटी और जम्‍मू के कई युवा पढ़ने-ल‍िखने और कमाने की उम्र में अब रंगबाजी, सरेआम गुंडागर्दी और हथियारों से अपनी पहचान बनाने में जुटे हैं.

जम्‍मू की शांत सड़कों पर हथियार लहराकर खौफ फैलाने वाले खौफ गैंग के छह बदमाशों को पुल‍िस ने दबोच तो ल‍िया, लेक‍िन इस कार्रवाई के बाद जम्‍मू पुल‍िस मुख्‍यालय में तैनात एसपी अन्‍ना स‍िन्‍हा ने जो खुलासा क‍िया और सोशल मीड‍िया संदेश द‍िया, वो जम्‍मू की नई कड़वी हकीकत बयां कर रहा है.

आईपीएस अन्‍ना स‍िन्‍हा का संदेश 

सबसे पहले आईपीएस अन्‍ना स‍िन्‍हा का वह संदेश जान‍िए, जो उन्‍होंने 9 स‍ितंबर को अपने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर ल‍िखा है. खौफ गैंग के ख‍िलाफ की गई कार्रवाई की खबर पर वे ल‍िखती हैं क‍ि अगर हमारे देश को अपनी युवा आबादी की ताकत का सही फायदा उठाना है तो युवाओं में तेजी से बढ़ते गैंगस्‍टर कल्‍चर और अपराध की तरफ उनके भटकाव को हर हाल में रोकना होगा. 

अब जान‍िए आख‍िर पूरा मामला क्‍या है? ज‍िसकी वजह से न केवल जम्‍मू पुल‍िस गैंगस्‍टरों के ख‍िलाफ ताबड़ तोड़ एक्‍शन ले रही बल्कि आम जनता से अपील भी कर रही है क‍ि अपने बच्‍चों को इस दलदल में फंसने से बचाएं.  

jammu kashmir gangster culture khauf gang

अन्‍ना सिन्‍हा एजीएमयूटी कैडर में 2022 की आईपीएस अध‍िकारी हैं. 

अरन‍िया पुल‍िस टीम ने बदमाशों को दबोचा

जम्‍मू पुल‍िस मुख्‍यालय एसपी आईपीएस अन्‍ना सिन्‍हा ने बताया क‍ि 3 स‍ितंबर 2026 को तीन मोटरसाइक‍िलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने कूल कलां इलाके में प‍िस्‍तौल और टोका (बड़ा चाकू) दिखाकर अश्‍वनी कुमार को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी. अरन‍िया पुल‍िस टीम ने आरोप‍ियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले. संद‍िग्‍ध की तस्‍वीरें वायरल करवाई गई. पुल‍िस को बदमाशों के बारे में सूत्रों से सूचना म‍िलने पर अरन‍िया पुल‍िस टीम ने दब‍िश देकर छह स‍ितंबर को सभी बदमाशों को पकड़ ल‍िया.  

jammu kashmir gangster culture khauf gang

जम्‍मू में खौफ गैंग के छह सदस्‍यों को अरेस्‍ट क‍िया गया है. 

खौफ गैंग के सदस्‍यों के पास से हथ‍ियार भी बरामद 

जम्‍मू में गैंगस्‍टर कल्‍चर की कहानी तो आरोप‍ियों के पकड़े जाने के बाद सामने आई. प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में एसपी अन्‍ना स‍िन्‍हा ने कहा क‍ि पुल‍िस पूछताछ में पता चला क‍ि छह बदमाश 'खौफ गैंग' के सदस्‍य हैं. उनके पास से तीन प‍िस्‍टल, जिंदा कारतूस और पांच टोका बरामद क‍िए गए हैं. इनमें से दो बदमाशों के ख‍िलाफ  तो पूर्व में तीन-तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं.  

jammu kashmir gangster culture khauf gang

आईपीएस अन्‍ना स‍िन्‍हा जम्‍मू पुल‍िस मुख्‍यालय में एसपी पद पर तैनात हैं. 

गैंगस्‍टर कल्‍चर से प्रभाव‍ित हो रहा युवा

जम्‍मू पीएचक्‍यू एसपी अन्‍ना स‍िन्‍हा ने बताया क‍ि खौफ गैंग के सभी छह बदमाशों की उम्र पढ़ने-ल‍िखने और अपने परिवार का नाम रोशन करने की है. जम्‍मू कश्‍मीर पुल‍िस गैंगस्‍टर कल्‍चर के ख‍िलाफ सख्‍त कदम उठा रही है. क‍िसी भी गैंग की धमकी और वसूली के धंधे यहां नहीं चलने द‍िए जाएंगे. साथ ही सभी अभ‍िभावकों से भी अपील है क‍ि अपने बच्‍चों को बचाएं, क्‍योंक‍ि यह देखा जा रहा है क‍ि युवा गैंगस्‍टर कल्‍चर से प्रभाव‍ित हो रहा है. 

आईपीएस अन्‍ना स‍िन्‍हा कौन हैं? 

द‍िल्‍ली की रहने वालीं अन्‍ना स‍िन्‍हा भारतीय पुल‍िस सेवा में 2022 बैच की एजीएमयूटी कैडर की अध‍िकारी हैं. अप्रैल 2026 से जम्‍मू पुल‍िस मुख्‍यालय पर एसपी पद पर तैनात हैं. 7 जनवरी 1995 को जन्‍मी अन्‍ना सिन्‍हा ने द‍िल्‍ली यून‍िवर्सिटी की रामजस कॉलेज से अर्थशास्‍त्र में स्‍नातक क‍िया. इनके पास एमए व पीएचडी की भी ड‍िग्री है. पीएचडी के साथ ही अन्‍ना ने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी और संघ लोक सेवा आयोग की स‍िविल सेवा परीक्षा 2021 में अख‍िल भारतीय स्‍तर पर 112 रैंक हास‍िल करके आईपीएस बनीं.  



यह भी पढ़ें- IPS ईशा स‍िंह: द‍िल्‍ली DCP की दर्दभरी कहानी, IPS प‍िता के साथ गलत हुआ तो क्रैक की UPSC 
यह भी पढ़ें- IPS अंश‍िका वर्मा, पत‍ि केके ब‍िश्‍नोई 80 के दशक में ऐसे द‍िखते! डांस के बाद अब रेट्रो थीम लुक वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu Kashmir, Crime, IPS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com