सिक्किम के छात्रों के लिए ‘सीएम-साथी' पहल शुरू की गई है. ‘सीएम-साथी' पहल के जरिए राज्य के आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर उम्मीदवारों को मुफ्त में जेईई-नीट परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी. सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने इस योजना का ऐलान किया है. बता दें कि इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) के जरिए ही मिलता है. वहीं राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के जरिए मेडिकल कॉलेजों में प्रेवश दिया जाता है. हर साल लाखों की संख्या में उम्मीदवार इन परीक्षाओं को देते हैं.
पूरा स्टडी मटीरियल करवाया जाएगा उपलब्ध
राज्य के मुख्यमंत्री के अनुसार इस पहल के जरिए डॉक्टरों, इंजीनियरों, वैज्ञानिकों की एक नई पीढ़ी तैयार की जाएगी. इस योजना के तहत जिन छात्रों का चयन होगा उन्हें मुफ्त कोचिंग दी जाएगी. इस प्रोग्राम में एक्सपर्ट्स के वीडियो लेक्चर, पूरा स्टडी मटीरियल, मॉक टेस्ट, प्रैक्टिस के लिए सवाल, डाउट क्लियर करने में मदद और टेक्नोलॉजी-बेस्ड लर्निंग रिसोर्स शामिल हैं. ‘सीएम-साथी' पहल आईआईटी कानपुर के सहयोग से शुरू की गई है, गरीब परिवारों के वो बच्चे जो इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, उन्हें इससे मदद मिलेगी. दो महीने का क्रैश कोर्स कराया जाएगा.
‘लॉन्च पैड' योजना भी शुरू
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने ‘लॉन्च पैड' योजना भी शुरू की है. जिसके जरिए केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के पीएसयू की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में जुटे उम्मीदवारों को 10,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी. ये सहायता आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों, दिव्यांगजनों और अनाथ बच्चों को दी जाएगी. इतना ही नहीं हर साल राज्य स्तरीय ‘शिक्षक दौड़' और ‘अंतर विद्यालयी एवं कॉलेज दौड़' आयोजित करने की घोषणा की भी की गई है. इसका मकसद छात्रों और शिक्षकों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं