विज्ञापन

TRE-4 में सवाल छोड़ने पर भी कटेंगे नंबर, जानें पांचवें विकल्प पर टिक करना क्यों जरूरी

BPSC TRE-4 Notification: बिहार लोक सेवा आयोग ने टीआरई-4 का नया नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि इस बार नया और पांचवां विकल्प जोड़ा गया है, सवाल का जवाब पता नहीं होने पर इसे टिक करना होगा.

TRE-4 में सवाल छोड़ने पर भी कटेंगे नंबर, जानें पांचवें विकल्प पर टिक करना क्यों जरूरी
TRE-4 के नए नोटिफिकेशन में दी गई नेगेटिव मार्किंग की जानकारी

लंबे विवाद के बीच बिहार लोक सेवा आयोग की तरफ से शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 का नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. इससे पहले जारी नोटिफिकेशन के बाद बिहार में जमकर प्रदर्शन हुआ था और अभ्यर्थियों ने कई तरह के बदलाव की बात कही थी, जिसके बाद तमाम मांगों को मान लिया गया और अब एक ही बार में परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस बार इस शिक्षक भर्ती परीक्षा में कुछ ऐसा जोड़ा गया है, अभ्यर्थियों को जिसकी जानकारी होना जरूरी है. पहले जहां ओएमआर शीट पर चार विकल्प दिखते थे, वहीं अब पांचवा विकल्प भी नजर आएगा. सवाल छोड़ने पर अगर इस पांचवें गोले को नहीं भरा तो नंबर कट जाएंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कि ये पूरा मामला क्या है और क्यों ये पांचवां विकल्प जोड़ा गया है. 

क्यों लाया गया पांचवां विकल्प?

इससे पहले बिहार में होने वाली तमाम बड़ी परीक्षाओं में सवाल के नीचे जवाब देने के लिए A,B,C,D, विकल्प दिए जाते थे. जिन अभ्यर्थियों को सवाल नहीं आता है, वो नेगेटिव मार्किंग के चलते गलत जवाब देने की बजाय उसे छोड़ दिया करते थे. हालांकि इस चीज का फायदा फर्जीवाड़े के लिए भी किया जाता था. कई लोग खाली ओएमआर शीट छोड़ देते थे और फिर बाद में किसी जुगाड़ से उसे बीच में ही भर दिया जाता था. ऐसे कई मामले सामने आने के बाद पांचवां विकल्प लाया गया, जिसे भरना जरूरी है. 

अब अगर किसी अभ्यर्थी को सवाल का जवाब पता नहीं है तो उसे पांचवें E विकल्प पर टिक करना होगा. इस विकल्प पर टिक नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का 1/3 नंबर काट दिया जाएगा. यानी हर उस सवाल पर नेगेटिव मार्किंग लगेगी, जिसमें कोई ऑप्शन टिक नहीं हुआ है. 

नेगेटिव मार्किंग हटाने की थी मांग

एकल परीक्षा के अलावा टीआरई-4 में नेगेटिव मार्किंग को हटाने की मांग भी अभ्यर्थी कर रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया. आयोग का कहना था कि तमाम परीक्षाओं में नेगेटिव मार्किंग होती है, ऐसे में उन अभ्यर्थियों की पहचान हो जाती है, जो तुक्का मारकर परीक्षा देते हैं. इस बार की परीक्षा के लिए 1/3 की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी. यानी अगर आपको जवाब पता है, तभी आप टिक लगाएं, जवाब नहीं जानते हैं तो आखिरी ऑप्शन (पता नहीं) पर टिक कर दें.

25 सितंबर से आवेदन शुरू 

बिहार में टीआरई-4 के लिए 25 सितंबर से आवेदन शुरू हो रहे हैं. कुल 32 हजार 388 पदों के लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं. BPSC की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर अभ्यर्थी अपना आवेदन कर सकते हैं. आवेदन से पहले पूरा नोटिफिकेशन अच्छी तरह से पढ़ लें और तमाम शर्तों को पूरा करते हुए ही फॉर्म भरें. 

ये भी पढ़ें - प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे युवाओं को लेकर CM योगी का बड़ा ऐलान, मिल सकती है राहत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BPSC TRE-4 Notification, BPSC TRE-4, BPSC Teacher Bharti
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com