विज्ञापन

TRE-4 नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी क्यों गुस्से में हैं छात्र? सरकार को तीन दिन का अल्टीमेटम

BPSC TRE-4 Notification: बिहार लोक सेवा आयोग की तरफ से टीआरई-4 शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है, जिसके बाद एक बार फिर छात्र नाराज हैं और अब नेगेटिव मार्किंग हटाने के साथ एकल परीक्षा की मांग कर रहे हैं.

बिहार में छात्रों ने सरकार को फिर दिया अल्टीमेटम

BPSC TRE-4 Notification: बिहार के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार TRE-4 भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने के बाद खत्म हो चुका है, लेकिन अब भी कुछ अभ्यर्थी खुश नहीं हैं. उनका कहना है कि पहले ही सरकार से एकल परीक्षा कराने की मांग की गई थी, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया. अब छात्र नेताओं ने फिर से प्रदर्शन की चेतावनी दी है और आज पटना में प्रदर्शन बुलाया है. गर्दनीबाग धरना स्थल पर ये अभ्यर्थी जमा हो रहे हैं और यहां सत्याग्रह की तैयारी हो चुकी है. उनका कहना है कि जब तक टीआरई-4 भर्ती को एकल परीक्षा में नहीं बदला जाता है, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. 

कई महीनों से था नोटिफिकेशन का इंतजार

बिहार में शिक्षकों के कुल 32,388 पदों पर ये भर्ती होनी है, जिसके नोटिफिकेशन का इंतजार पिछले कई महीनों से किया जा रहा था. बिहार सरकार के लिए भी ये नोटिफिकेशन गले की फांस बन चुकी थी. कई बार इसकी तारीखें भी बताई गईं, लेकिन हमेशा टाल दिया गया. पटना में 18 अगस्त को छात्रों के प्रदर्शन के बीच इस नोटिफिकेशन को जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि कब से आवेदन शुरू होंगे और कौन इस भर्ती के लिए योग्य होंगे.  

अभ्यर्थी क्यों कर रहे एकल परीक्षा की मांग?

छात्र नेता दिलीप कुमार ने इस मामले को लेकर कहा, जब तक हमारी सारी मांगों को नहीं माना जाता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सरकार को हमने 3 दिन का वक्त दिया है, अगर 21 अगस्त तक मांगें नहीं मानी गईं तो हम धरने पर बैठेंगे. छात्र नेताओं का कहना है कि, पुराने पैटर्न से ही टीआरई-4 की परीक्षा होनी चाहिए, क्योंकि इसमें दो साल की देरी पहले से ही हो चुकी है. उनका कहना है कि जो भी प्रयोग करना है उसे टीआरई-5 से करें. इसके अलावा अभ्यर्थी नेगेटिव मार्किंग हटाने की भी मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अचानक टीआरई-4 में नेगेटिव मार्किंग क्यों डाली गई. अगर ये सभी मांगें नहीं मांगी गईं तो शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा जाएगा. 

दूसरी परीक्षाओं को लेकर भी प्रदर्शन

अभ्यर्थी बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) से संविदा वेटेज हटाने की भी मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अभी 25 प्रतिशत वेटेज दिया जा रहा है, उन्हें घर बैठे 600 में से 150 नंबर मिल जाएंगे. जबकि उन्होंने कोई परीक्षा नहीं दी. ऐसे में नए अभ्यर्थियों को नौकरी कैसे मिलेगी. अभ्यर्थियों का कहना है कि करीब 36 लाख  छात्र इंतजार कर रहे हैं, लेकिन तीन साल से एग्जाम की डेट घोषित नहीं हुई है. इसीलिए BSSC CGL-4 परीक्षा की तारीख घोषित की जाए. 17वीं बीपीएससी परीक्षा में धांधली की जांच, दरोगा बहाली में धांधली की जांच और पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जैसी मांगें भी अभ्यर्थी कर रहे हैं. 

ये भी पढ़ें - CSBC ने जारी किया बिहार पुलिस कांस्टेबल जीडी और ऑपरेटर का रिजल्ट, जानें कब होगा PST/PET टेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BPSC TRE-4 Notification, BPSC TRE-4 Notification Date, BPSC Protest, Bihar Students Protest, Bihar Teacher Bharti
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com