विज्ञापन
This Article is From Jun 14, 2018

दिल्ली में तीन दिन तक बनी रह सकती है धूल भरी हवा, यह है कारण...

हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर से नीचे, दिल्ली वासियों को अधिक समय तक खुले में निकलने से बचने की सलाह दी गई

दिल्ली में तीन दिन तक बनी रह सकती है धूल भरी हवा, यह है कारण...
दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर को पार कर चुका है.
  • अगले तीन दिन तक दिल्ली में बरकरार रह सकती है धूल भरी हवा
  • कम दबाव का क्षेत्र बनने से हवा में मिले धूलकण कुछ ऊंचाई पर जमा
  • निकायों और निर्माण एजेंसियों को पानी का छिड़काव करने की सलाह
नई दिल्ली: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बुधवार को  धूल का गुबार छाया रहा. केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने अनुमान व्यक्त किया कि अगले तीन दिन तक यह धुंध छाई रह सकती है.

मंत्रालय के अनुसार दिल्ली के ऊपर छाई धूल भरी धुंध के लिए राजस्थान में आई धूल भरी आंधी मुख्य वजह है. यहां बुधवार को हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर से नीचे चली गई. मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में अगले तीन दिनों तक दिल्ली में यह स्थिति बरकरार रहने की आशंका व्यक्त की गई है.

मंत्रालय ने इन दिनों दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने को अस्वाभाविक बताते हुए कहा कि इसकी मुख्य वजह राजस्थान में आने वाली धूल भरी आंधी है. उसके कारण दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से हवा में मिले धूलकण जमीन से कुछ ऊंचाई पर जमा हो जाते हैं. मौसम विशेषज्ञों की राय में इन दिनों भीषण गर्मी से जूझ रहे राजस्थान में तापमान की अधिकता के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाओं के कारण धूल भरी आंधी का असर दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में धूलकणों के वायुमंडल में संघनित होने के रूप में दिखता है. इस साल भी दस से 12 जून के बीच राजस्थान की धूल भरी आंधी का रुख दिल्ली की ओर रहा जिसकी वजह से यह स्थिति पैदा हुई है.

यह भी पढ़ें : प्रदूषण से घिरी दिल्ली; शहर में गर्म हवा और धूल के गुबार, पूर्वोत्तर में बाढ़

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के हवाले से मंत्रालय ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में अगले तीन दिन तक धूल का गुबार बरकरार रहने का अनुमान व्यक्त किया है. इसके मद्देनजर केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने राज्य इकाई के माध्यम से स्थानीय निकायों और निर्माण क्षेत्र से जुड़ी एजेंसियों से लगातार पानी का छिड़काव करने को कहा है जिससे धूल को उड़ने से रोका जा सके. साथ ही, दिल्ली के मुख्य सचिव को इस दिशा में सभी संबद्ध एजेंसियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी करने को कहा है.

VIDEO : प्रदूषण से घिरी राजधानी

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्थिति से निपटने के लिए संबद्ध विभागों के साथ बैठक कर वायु प्रदूषण रोधी कदम उठाने को कहा है. साथ ही लोगों को अधिक समय तक खुले में निकलने से बचने का भी परामर्श जारी किया है.
(इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Air Pollution
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com