- उत्तर पूर्वी दिल्ली में सभी स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं स्थगित
- सात मार्च तक के लिए स्कूल बंद
- स्कूल कर्मचारी आम दिनों की तरह आते रहेंगे
उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा को देखते हुए यहां के सभी सरकारी और निजी स्कूल 7 मार्च तक बंद रहेंगे. शिक्षा महानिदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, सभी वार्षिक परीक्षाओं को भी सात मार्च तक के लिए टाल दिया गया है. वार्षिक परीक्षाओं की नई तरीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा. हालांकि, स्कूल खुले रहेंगे और स्टाफ को रोज की तरह आने के लिए कहा गया है. नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुई हिंसा के बाद बिगड़े माहौल को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. उत्तर पूर्वी दिल्ली को छोड़कर अन्य जगहों के स्कूलों में परीक्षाएं तय कार्यक्रम के तहत ही आयोजित की जाएंगी.
डायरेक्ट्रेट ऑफ एजुकेशन एग्जामिनेशन सेल ने शनिवार को सर्कुलर जारी करके कहा कि दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिले की मौजूदा परिस्थितियों की वजह से इस क्षेत्र में अभी परीक्षाएं कराना अनुकूल नहीं है. छात्रों की मानसिक स्थिति को महसूस करते हुए और तनाव से बाहर में निकलने में मदद करने के लिए संबंधित प्राधिकरण ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल को छात्रों के लिए 7 मार्च तक बंद करने का फैसला लिया है. स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी. इन स्कूलों के कर्मचारी और प्रमुख हमेशा की तरह स्कूल आएंगे.
इससे पहले, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने हिंसा प्रभावित उत्तर पूर्वी दिल्ली के इलाकों में 28 फरवरी और 29 फरवरी को होने वाली परीक्षाएं टाल दी थी. उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के चलते सीबीएसई ने ऐसा किया था. हिंसा में अब तक 42 लोगों की मौत हुई है जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं.
वीडियो: दिल्ली हिंसा ने छीना रोजगार, दिहाड़ी मजदूरों की रोजी-रोटी पर मार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं