विज्ञापन
This Article is From Nov 28, 2024

नोएडा : इंस्टाग्राम पर दोस्ती, लिव इन पार्टनर करना चाहती थी दूसरे से शादी, प्रेमी ने की हत्या

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार वालों ने गुरुवार को थाना सेक्टर 63 में सूर्यकांत शाक्य के साथ रह रही खुशबू उर्फ खुशी (26) की हत्या करने और फरार होने की सूचना पुलिस को दी थी.

नोएडा : इंस्टाग्राम पर दोस्ती, लिव इन पार्टनर करना चाहती थी दूसरे से शादी, प्रेमी ने की हत्या
नोएडा:

नोएडा की सेक्टर-63 थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती होने के बाद लिव इन में रह रही प्रेमिका की हत्या करने वाले प्रेमी को गिरफ्तार कर ल‍िया है. आरोपी की गिरफ्तारी घटना के महज 12 घंटे के भीतर ही कर ली गई. गिरफ्तार आरोपी के साथ लिव इन में रह रही लड़की अपनी मौसी के लड़के जावेद से शादी तय हो जाने के बाद उससे बातचीत कर रही थी. जिसका प्रेमी व‍िरोध कर रहा था और शादी का दबाव भी बना रहा था.

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार वालों ने गुरुवार को थाना सेक्टर 63 में सूर्यकांत शाक्य के साथ रह रही खुशबू उर्फ खुशी (26) की हत्या करने और फरार होने की सूचना पुलिस को दी थी. पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर वांछित आरोपी सूर्यकांत शाक्य को गिरफ्तार कर ल‍िया.

पूछताछ में सूर्यकांत शाक्य ने बताया कि उसकी खुशबू उर्फ खुशी के साथ इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी. दोनों करीब एक साल से संपर्क में थे. दोनों दो महीने से लिव इन में रह रहे थे. कुछ दिन पहले ही खुशबू की शादी उसकी मौसी के लड़के के साथ तय हुई थी. खुशबू अपने होने वाले पति जावेद से बातचीत करती थी. आरोपी अपनी प्रेमिका खुशबू को जावेद से बात करने के लिए मना करता था और अपने साथ शादी करने के लिए कहता था.

पूछताछ में आरोपी ने पुल‍िस को बताया कि खुशबू लिव इन में रह रही थी. लेकिन, उसने जावेद से शादी करने की बात कही और वह उसी से शादी करना चाहती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. 26 नवंबर को भी आरोपी ने खुशबू पर शादी का दबाव बनाया. लेकिन, खुशबू मना करने लगी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया. इसके बाद आरोपी ने खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Live In Relationship, Boyfriend Killed Girlfriend, Noida Crime News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com