- रात 10 बजे के करीब हुई वारदात
- परिवार वालों ने किया किसी भी रंजिश से इनकार
- मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली के करोल बाग इलाके के बापा नगर में बीती रात एक कपड़ा व्यापारी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी. ये हादसा लगभग रात 10 बजे के आसपास उस वक्त हुआ था जब व्यापारी अपनी बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास जा रहा था. वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए. इसके बाद जब पड़ोसियों को पता चला तो उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई है. परिवार ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है लेकिन पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है. मृतक व्यापारी का नाम मोहित था जो टैंक रोड में काम करता था. प्रसाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बंदूक दिखाकर दिनदहाड़े व्यापारी से लूट, पुलिस जांच में जुटी
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में भी इसी तरह की एक वारदात राजधानी के कीर्ति नगर इलाके में देखने को मिली थी. यहां बदमाशों ने पुलिस पिकेट के पास ही एक कार सवार लोहा व्यापारी और एक अन्य शख़्स को गोली मार दी थी. इसमें लोहा व्यापारी की मौत हो गई और ड्राइवर घायल हो गया था. व्यापारी कीर्ति नगर इलाके में रेलवे स्टेशन अंडरपास के पास पहुंचा तभी सूनसान अंडरपास के नीचे बाइक सवार बदमाशों ने पोलो कार को ओवरटेक कर रोका और व्यापारी आनंद अग्रवाल और ड्राइवर सुजीत को गोली मार दी.
अज्ञात बदमाशों ने बंदूक दिखाकर व्यापारी से लूटे 35 लाख रुपये
ये वारदात पुलिस पिकेट के पास ही हुई थी. जब ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी ने गोली चलने की आवाज़ सुनी तो उसने बदमाशों का पीछा करना शुरू किया और सलीम नाम के एक बदमाश को पकड़ लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं