- दिल्ली के बृजपरी इलाके की घटना
- 300-400 दंगाइयों ने स्कूल में की आगजनी
- दस्तावेज और बसों में भी लगाई आग
दिल्ली के बृजपुरी इलाके में दंगाइयों ने एक स्कूल में तोड़फोड़ की और उसके बाद स्कूल को आग के हवाले कर दिया. यह घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है. आरोप है कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. रात में फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग बुझाई गई. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के बृजपुरी इलाके में स्थित अरुण मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार शाम चार बजे करीब 300 से 400 दंगाई घुस गए और स्कूल में तोड़फोड़ की. इसके बाद उन्होंने लाइब्रेरी, कंप्यूटर रूम और क्लास रूम समेत कई जगहों पर आग लगा दी.
दंगाइयों ने कैमरे तोड़ दिए और सारे कागजातों (रिकॉर्ड्स) को आगे के हवाले कर दिया. यही नहीं, उन्होंने स्कूल के अंदर खड़ी बसों को भी जला दिया और उनके डीजल टैंक में आग लगा दी. जिस वक्त उपद्रवियों ने यह उत्पात मचाया उस समय स्कूल में बच्चे नहीं थे. इस स्कूल में करीब 3,000 स्टूडेंट्स पढ़ते हैं.
शिक्षकों ने बताया कि जिन बच्चों के बोर्ड के पेपर हैं उनको तो रोल नंबर दे दिए गए हैं लेकिन बाकी कक्षाओं की परीक्षा कराना मुश्किल है. दंगाइयों ने बच्चों की उत्तरपुस्तिकाओं और स्कूल के रिकॉर्ड्स जला कर राख कर दिए हैं.
दिल्ली हिंसा को लेकर बर्नी सैंडर्स के ट्वीट पर BJP नेता का पलटवार, बाद में डिलीट किया ट्वीट
कहा जा रहा है कि दंगाइयों के तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस नहीं आई. रात में करीब 10 बजे फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची तब जाकर आग बुझाई जा सकी है.
बता दें कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में लगातार तीन दिनों से हो रही हुई हिंसा में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है. आज सुबह पांच घायलों ने दम तोड़ा है. वहीं 2 शव बरामद किए गए हैं. 200 से ज़्यादा लोग अस्पताल में हैं, जिनमें से कुछ लोगों की हालत काफ़ी गंभीर बताई जा रही है. हिंसा को लेकर अलग-अलग थानों में 18 एफआईआर दर्ज की गई है और 130 उपद्रवियों को गिरफ़्तार किया गया है.
वीडियो: दिल्ली हिंसा मामले में राष्ट्रपति से मिले कांग्रेसी नेता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं