चांदनी चौक (Chandni Chowk) के पास दिल्ली में दवाइयों के सबसे बड़े थोक मार्केट भागीरथ पैलेस (Bhagirath Palace) के दुकानदारों ने सोमवार यानि 1 जून से 4 जून तक मार्केट बंद करने का फैसला किया है. दुकानदारों का कहना है कि एक हफ्ते के दौरान मार्केट में करीब 10 से ज्यादा दुकानदार और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाए गए हैं.
भागीरथ पैलेस के ड्रग ट्रेडर्स असोसिएशन के सेक्रेटरी आशीष ग्रोवर के ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से ही भागीरथ पैलेस में दवाइयों की दुकानें बंद नहीं हुई थीं, लेकिन यहां लगातार दुकानदार कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं. अब तक 10 से ज्यादा दुकानदार और कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं.
भीड़भाड़ वाले इस मार्केट में हर तरफ से एंट्री है और संकरी गलियां हैं इसलिए संक्रमण का खतरा यहां ज्यादा है. भागीरथ पैलेस में दवा की करीब 572 दुकानें हैं. यहां दवा के गोदाम भी हैं. अगर ये बाज़ार बंद रहा तो दिल्ली में दवा की किल्लत होगी. दवाइयों की किल्लत हो जाने के कारण बहुत से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
गौरतलब है कि लॉकडाउन (Lockdown) में ढील के बीच भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. देश में कोरोना (Covid-19) संक्रमितों का कुल आंकड़ा 31 मई तक 1.82 लाख के ऊपर पहुंच गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से आज जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस मरीज़ों की कुल संख्या बढ़कर 1,82,143 हो गई है और जबकि इस वायरस से अब तक 5,164 लोगों की मौत हो चुकी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं