Vaibhav Suryavanshi Viral Statement Video IPL 2026: IPL 2026: आईपीएल 2026 में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का क्रेज फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस युवा बल्लेबाज ने न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से मैदान पर आग लगाई है, बल्कि मैच से पहले दिए गए अपने एक आत्मविश्वास भरे बयान से सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मिली रोमांचक जीत के अगले दिन राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर वैभव का एक वीडियो पोस्ट किया. यह वीडियो मैच से ठीक पहले का है, जब वैभव अपना बल्ला थामे प्रैक्टिस के लिए जा रहे थे.
राजस्थान रॉयल्स ने शेयर किया 'सीक्रेट' वीडियो
वीडियो में पीछे से एक आवाज आती है, जो वैभव को चेतावनी देते हुए कहती है "पर सामने वाली टीम में वर्ल्ड का बेस्ट बॉलर, फुटबॉल खिलाने वाला 'स्विंग का किंग' है." (इशारा साफ तौर पर जसप्रीत बुमराह की ओर था). इस पर वैभव ने बिना किसी हिचकिचाहट के पलटकर कहा "आप उसका टेंशन मत लो, मैं देख लूंगा."
वैभव सूर्यवंशी ने जो कहा वो किया
वैभव का यह 'ऐलान' सिर्फ जुबानी नहीं था. जब मैच शुरू हुआ (जो बारिश के कारण 11 ओवरों का कर दिया गया था), तो वैभव ने अपने शब्दों को सच कर दिखाया. उन्होंने दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ बिना किसी डर के बल्लेबाजी की. वैभव ने बुमराह की अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सनसनी मचा दी. उसी ओवर में उन्होंने एक और गगनचुंबी छक्का जड़कर यह साबित कर दिया कि क्यों उन्होंने कहा था, "मैं देख लूंगा."
14 गेंदों में तबाही और 27 रनों से जीत
वैभव ने अपनी महज 14 गेंदों की पारी में 39 रन कूटे, जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल था. उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर सिर्फ 5 ओवरों में 80 रनों की साझेदारी की, जिसकी बदौलत राजस्थान ने 11 ओवरों में 151 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई इंडियंस लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई और राजस्थान ने यह मुकाबला 27 रनों से जीत लिया.
सोशल मीडिया पर छाया 'सूर्यवंशी तेवर'
वीडियो के वायरल होते ही कुछ ही मिनटों में हजारों लाइक्स और कमेंट्स आ गए. फैंस वैभव की इस 'निडर मानसिकता' के कायल हो गए हैं. महज 15 साल की उम्र में वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों को इस तरह चुनौती देना और फिर मैदान पर उसे सच साबित करना, यह दिखाता है कि आईपीएल 2026 में एक नए 'सुपरस्टार' का उदय हो चुका है. अभी तो सीजन का आगाज है, और वैभव के तेवर बता रहे हैं कि आगे-आगे देखिए होता है क्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं