मौजूदा समय में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर है. जहां अय्यर एंड कंपनी का हाल बेहाल है. पहले ब्लू टीम को आयरलैंड दौरे पर अपने से काफी कमजोर आयरिश टीम से शिकस्त का सामना करना पड़ा. यहां मेजबान टीम ने दो मैचों की सीरीज में भारत को 2-0 से हराया था. अय्यर एंड कंपनी इस शर्मनाक हार से अभी उबर भी नहीं पाई थी कि इंग्लैंड दौरे पर अब हार पर हार का मुंह देखना पड़ रहा है. जिससे हर कोई निराश है. टीम की शिकस्त में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर के फैसले भी कुछ हद तक प्रभावी नजर आ रहे हैं, जो कुछ इस प्रकार है-
मिडिल ऑर्डर ने किया निराश
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अबतक मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने कप्तान और कोच की उम्मीदों पर पानी ही फेरा है. आयरलैंड के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मुकाबले में पारी का आगाज करते हुए अभिषेक शर्मा ने महज 20 गेंदों में 49 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. मगर मध्यक्रम के बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से भारतीय टीम 148 रनों पर ही सिमट गई.
दूसरे मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा. आयरलैंड की तरफ से जीत के लिए मिले 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा ने तो 55 रनों की जुझारू पारी खेली. मगर दूसरे छोर से अन्य बल्लेबाजों का सहयोग नहीं मिला. जिसकी वजह से टीम को दूसरे मुकाबले में भी हार का मुंह देखना पड़ा.
इंग्लैंड दौरे पर भी मिडिल ऑर्डर हो रही है फ्लॉप
आयरलैंड ही नहीं इंग्लैंड दौरे पर भी मिडिल ऑर्डर की समस्या जस की तस बनी हुई है. नतीजन टीम को हार पर हार का मुंह देखना पड़ रहा है. पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला गया. जहां ईशान किशन (49) और कैप्टन श्रेयस अय्यर (37) ने तो उपयोगी पारी खेली. मगर दूसरे बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजों के सामने जुझते हुए ही नजर आए.
सीरीज का तीसरा मुकाबला नॉटिंघम में खेला गया. यहां तो सलामी जोड़ी के साथ-साथ मध्यक्रम के बल्लेबाज भी फ्लॉप रहे. नतीजन टीम को 10, 20 रनों से नहीं बल्कि कुल 125 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही भारतीय टीम के सिर पर सीरीज गंवाने का खतरा भी मंडराने लगा है.
कप्तान अय्यर के प्रदर्शन में भी स्थिरता नहीं
आईपीएल में श्रेयस अय्यर ने अपनी उम्दा बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी से हर किसी का दिल जीता था. लोगों को उम्मीद थी कि इंटरनेशनल लेवल पर भी वह कुछ वैसा ही कारनामा करेंगे. मगर अब तक वह सारे मौकों पर फ्लॉप ही हुए हैं. उनकी देख रेख में टीम को पहले आयरलैंड दौरे पर 2-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा. अब टीम इंग्लैंड दौरे पर भी संघर्ष करते हुई नजर आ रही है.
बल्ले से भी नाकाम साबित रहे हैं अय्यर
कप्तानी ही नहीं अय्यर बल्ले से भी नाकाम साबित हो रहे हैं. भारतीय टीम में वापसी करते हुए उन्होंने अब तक पांच मैच खेले हैं. जहां वह पांच पारियों में 123 रन ही बना पाए हैं. जिसमें 68 रनों की खेली गई अर्धशतकीय पारी उनकी बारिश से धुल जाने वाले मुकाबले में आई थी.
अक्षर पटेल को नंबर पांच पर क्यों खिलाया?
तीसरे टी20 मुकाबले में अक्षर पटेल को नंबर पांच पर खिलाने का मतलब भी सोच से परे नजर आया. पटेल ने पिछले मुकाबले में कुल चार गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 10 रन ही बना पाए. वहीं इन्फॉर्म बल्लेबाज शिवम दुबे को आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने का अवसर मिला. जहां वह दो रनों का ही योगदान दे पाए.
बल्लेबाजी क्रम में लगातार छेड़छाड़ बन रही मुसीबत
मुश्किल पिचों पर बल्लेबाजी क्रम में लगातार छेड़छाड़ की वजहें अब मुसीबत बनती जा रही हैं. पिछले पांचों मुकाबलों में बल्लेबाजी के दौरान बल्लेबाजी क्रम में बदलाव हुआ है. जिससे बल्लेबाजों को बल्ल्बेबाजी करने में दिक्कत हुई है. नतीजन टीम को शिकस्त का सामना करना पड़ा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं