Team India T20 World Cup Record IND vs NAM: गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. अब तक किसी भी अन्य देश ने इस टूर्नामेंट में लगातार इतने मैच नहीं जीते हैं. इस सूची में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. दक्षिण अफ्रीका ने 2024 में लगातार 8 मुकाबले जीते थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2022 से 2024 के बीच लगातार 8 मैचों में जीत हासिल की थी.
इंग्लैंड ने 2010 से 2012 के बीच लगातार 7 टी20 वर्ल्ड कप मैच जीते थे. वहीं भारतीय टीम ने भी 2012 से 2014 के बीच लगातार 7 मुकाबले अपने नाम किए थे.
रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत
यह टी20 वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले टीम इंडिया ने 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था. इसके अलावा भारत ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 73 रन, 2022 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 71 रन और 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ 68 रन से जीत दर्ज की थी.
मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 209 रन बनाए. ईशान किशन ने 61 रन और हार्दिक पंड्या ने 52 रनों की शानदार पारियां खेलीं. नामीबिया की ओर से गेरहार्ड इरासमस ने 4 विकेट झटके, जबकि बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज को 1-1 सफलता मिली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं