विज्ञापन

महिला एशिया कप फाइनल: स्मृति मंधाना के निशाने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 बल्लेबाज

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के पास विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचने का मौका है.

महिला एशिया कप फाइनल: स्मृति मंधाना के निशाने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 बल्लेबाज
स्मृति मंधाना के पास विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका

विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में आज भारत की भिड़ंत श्रीलंका से होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय टीम एशिया कप 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. इस बीच भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के पास विमेंस एशिया कप 2026 में इतिहास रचने का मौका है जो बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में पूरा करने से रह गई थीं.

स्मृति मंधाना वर्ल्ड रिकॉर्ड करेंगी अपने नाम

आज महिला एशिया कप 2026 में श्रीलंका के खिलाफ अगर मंधाना 67 रन बना लेती हैं तो वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी. स्मृति मंधाना फिलहाल 175 टी20 मुकाबलों में 30.65 की औसत के साथ 4,692 रन बना चुकी हैं, जिसमें 2 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान मंधाना के बल्ले से 634 चौके और 95 छक्के निकले हैं.

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम पर है, जिन्होंने 186 मुकाबलों में 28.83 की औसत के साथ 4,758 रन जुटाए हैं. वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 206 मुकाबलों में 4,273 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू 168 मुकाबलों में 4,095 रन बनाकर चौथे पायदान पर हैं और न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन 3,817 रन के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं.

रैंकखिलाड़ीदेशरन
1सूजी बेट्सन्यूजीलैंड4,758
2स्मृति मंधानाभारत4,692
3हरमनप्रीत कौरभारत4,249
4चामरी अथापथुश्रीलंका4,095
5सोफी डिवाइनन्यूजीलैंड3,817

स्मृति मंधाना का विमेंस एशिया कप 2026 में प्रदर्शन

स्मृति मंधाना विमेंस एशिया कप 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में अब शेफाली वर्मा के बाद दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 4 मुकाबलों में 50.67 की औसत के साथ 154 रन जुटाए हैं. मंधाना इस सीजन में शतक लगाने वाली इकलौती बल्लेबाज भी हैं, जिन्होंने हांगकांग, चीन के खिलाफ 64 गेंदों में 7 छक्कों और 14 चौकों के साथ 124 रन की पारी खेली थी. 

भारत का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ दमदार

हालांकि, भारतीय टीम का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दमदार रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 25 मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है. वहीं, सिर्फ 5 मुकाबलों में ही श्रीलंका को जीत नसीब हो सकी है. हालांकि, एशिया कप 2024 के फाइनल में श्रीलंका, भारतीय टीम को हराकर खिताब जीतने में सफल रहा था. 

भारतीय टीम का टूर्नामेंट में कमाल का रहा है प्रदर्शन

भारतीय टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में कमाल का रहा है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने बिना कोई मैच गंवाए फाइनल तक का सफर तय किया है. सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 40 रनों से हराया था. बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना कमाल की फॉर्म में नजर आई हैं. हालांकि, हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी हैं. 

गेंदबाजी में श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और प्रेमा रावत की तिकड़ी असरदार साबित हुई है. वहीं, तेज गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा ने भी बल्लेबाजों को खासा तंग किया है. भारतीय टीम इससे पहले एशिया कप के खिताब को 7 बार अपने नाम कर चुकी है. हरमनप्रीत एंड कंपनी की निगाहें रविवार को आठवीं बार इस ट्रॉफी को जीतने पर होंगी.

श्रीलंका ने पाकिस्तान को धूल चटाकर कटाया फाइनल का टिकट

दूसरी ओर श्रीलंका ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को धूल चटाते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया है. चमारी अटापट्टू की अगुवाई में टीम अपने खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर है. अटापट्टू का प्रदर्शन बल्ले और गेंद दोनों से दमदार रहा है. वहीं, हर्षिता समरविक्रमा भी अच्छी लय में दिखाई दी हैं. गेंदबाजी में चमुदी प्रबोधा लगातार विकेट निकालने में सफल रही हैं.

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच से स्पिन गेंदबाजों को टूर्नामेंट में काफी मदद मिली है. इसके साथ ही शुरुाआती ओवरों में तेज गेंदबाज भी छाप छोड़ने में सफल रही हैं. बल्लेबाजों को यहां रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है. रविवार को दुबई में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है और बारिश होने की आशंका न के बराबर है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Sri Lanka Women, Smriti Mandhana, Women's Twenty20 Asia Cup 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com