विज्ञापन

भारत ने शुरू की वर्ल्ड कप की प्लानिंग, विराट कोहली से मांगी बड़ी सलाह, कप्तान गिल का खुलासा

अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की तैयारी शुरू हो गई है. इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर गिल और कोहली की लंबी बात हुई थी.

भारत ने शुरू की वर्ल्ड कप की प्लानिंग, विराट कोहली से मांगी बड़ी सलाह, कप्तान गिल का खुलासा
Shubman Gill Virat Kohli 2027 ODI World Cup Team India

भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव और कौशल का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि दोनों 50 ओवर के प्रारूप में भारतीय टीम का अभिन्न हिस्सा हैं. इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की तैयारियों का हिस्सा है. भारतीय कप्तान ने इसके लिए उन खिलाड़ियों पर फोक्स करना शुरू कर दिया है, जो टीम इंडिया को चैंपियन बना सकते हैं और इसके लिए वह पूर्व कप्तान विराट कोहली की मदद ले रहे हैं. 

RO-KO की जोड़ी लेगी बदला

भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले गिल ने कहा कि टीम को उम्मीद है कि रोहित और कोहली अपनी अनुभवी बल्लेबाजी से टीम को जीत की राह पर लौटाएंगे. इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में क्रमश: 0-2 और 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था.

गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा,"विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और वे आज भी हमारी वनडे टीम का अभिन्न हिस्सा हैं." उन्होंने कहा,"दोनों का अनुभव और कौशल टीम के लिए बेहद अहम है. हमने पिछले दस वर्षों में अलग-अलग परिस्थितियों, टूर्नामेंटों और बड़े मुकाबलों में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन देखा है."

गिल ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से दबाव की परिस्थितियों में टीम को काफी फायदा मिलता है. उन्होंने कहा,"जब टीम में अनुभवी खिलाड़ी होते हैं तो दबाव की स्थिति में स्वाभाविक रूप से संयम बना रहता है, क्योंकि वे ऐसी परिस्थितियों का कई बार सामना कर चुके होते हैं. अनुभव किसी भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है."

वर्ल्ड कप टीम में कौन होगा शामिल?

गिल ने बताया कि उन्होंने नेट सत्र में कोहली के साथ 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम संयोजन पर चर्चा की. उन्होंने कहा,"हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए सबसे उपयुक्त संयोजन क्या हो सकता है. कौन-से खिलाड़ी अभी टीम में नहीं हैं लेकिन भविष्य में उपयोगी साबित हो सकते हैं. हमने तेज गेंदबाजों, हरफनमौला और स्पिनरों सहित कई विकल्पों पर बात की."

बुमराह की वापसी से होगा फायदा

गिल ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा. बुमराह को आईपीएल 2026 के बाद थकान और चोट से बचाने के लिए आराम दिया गया था. उन्होंने कहा,"बुमराह कुछ समय बाद टीम में लौट रहे हैं. उम्मीद है कि उन्होंने इस वनडे सीरीज से पहले पर्याप्त गेंदबाजी की होगी. आशा है कि यह सीरीज उनके लिए अच्छी रहेगी और हम जीत के साथ इसका समापन करेंगे."

यह भी पढ़ें:  ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल, एशले गार्डनर पर लगे टीम की साथी खिलाड़ी से अफ़ेयर के आरोप

यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव के लिए बंद नहीं हुए हैं टीम इंडिया के दरवाजे, लेकिन है यह शर्त- रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Rohit Gurunath Sharma, Virat Kohli, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com