विज्ञापन

'ईनाम में मेरा बल्ला मिलेगा', श्रेयस ने दी चुनौती तो कूपर-प्रियांश ने स्वीकार किया चैलेंज, कौन मारेगा बाजी?

PBKS Captain Shreyas Iyer Statement After Win Against LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा हम एक-दूसरे को चुनौती दे रहे थे कि इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के कौन मारेगा? ईनाम में मेरा बल्ला मिलेगा.

'ईनाम में मेरा बल्ला मिलेगा', श्रेयस ने दी चुनौती तो कूपर-प्रियांश ने स्वीकार किया चैलेंज, कौन मारेगा बाजी?
Shreyas Iyer

PBKS Captain Shreyas Iyer Statement After Win Against LSG: प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली के बीच 182 रन की साझेदारी के दम पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने रविवार को आईपीएल 2026 के 29वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के विरुद्ध 54 रन से जीत दर्ज की. कप्तान अय्यर ने खुलासा किया है कि वह प्रियांश और कोनोली को यह नहीं बताते कि उन्हें अपनी पारी कैसे खेलनी है. जीत के बाद श्रेयस अय्यर ने कप्तान के तौर पर टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि बल्लेबाजों ने असाधारण खेल दिखाया और कुछ शॉट्स तो हैरान कर देने वाले थे. उन्होंने कहा कि ऐसे शॉट खेलने के लिए काफी साहस और संयम की जरूरत होती है.

अय्यर ने बताया कि वह कूपर और प्रियांश आर्य से मजाक में बात कर रहे थे कि इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के कौन लगाएगा, और दोनों खिलाड़ी इस चुनौती के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा, मैं अभी कूपर और प्रियांश से बात कर रहा था, हम एक-दूसरे को चुनौती दे रहे थे कि इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के कौन मारेगा? ईनाम में मेरा बल्ला मिलेगा. वे इसके लिए तैयार हैं. जब आप उन्हें बस उनके हिसाब से खेलने देते हैं, उन्हें मैदान पर जाकर खुद को खुलकर जाहिर करने देते हैं, तो वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं. मैं उन्हें यह नहीं बताता कि उन्हें अपनी पारी कैसे खेलनी है. उनका अपना एक तय रूटीन और तरीका है. रिकी (पोंटिंग) मैच से पहले उनसे बात करते हैं और मैं भी अपनी राय दे देता हूं, बस इतना ही.'

बॉलिंग यूनिट पर अय्यर ने कहा कि टीम के ज्यादातर गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं और उनका प्रदर्शन खुद सब कुछ बयां करता है. उनके अनुसार सफलता का राज सिर्फ सही निष्पादन है. कप्तान का कहना है कि जब भी टीम विकेट को देखकर अपनी योजना बनाती है, तो उससे खिलाड़ियों को काफी आत्मविश्वास और संतोष मिलता है.

रविवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 7 विकेट खोकर 254 रन बना दिए. इस टीम ने महज 3 के स्कोर पर प्रभसिमरन सिंह (0) का विकेट गंवा दिया था. इसके बाद प्रियांश आर्य ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर की ओर ला दिया.

कूपर कोनोली 46 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुए, जबकि प्रियांश ने 37 गेंदों में 9 छक्कों और 4 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेली. इनके अलावा, मार्कस स्टोइनिस ने 29 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव और मणिमारन सिद्धार्थ को 2-2 विकेट हाथ लगे.

इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर सिर्फ 200 रन बना सकी. इस पारी में कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 43 रन की पारी खेली, जबकि एडेन मार्करम ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, मिचेल मार्श ने 40 रन जुटाए. विपक्षी खेमे से मार्को जानसेन ने 2 सफलताएं हासिल कीं.

यह भी पढ़ें- SA Women vs IND Women: गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी चमकी अफ्रीकी टीम, भारत को 8 विकेट से हराया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com