विज्ञापन

आज तक जो नहीं कर पाई दूसरी टीम, वो पंजाब ने कर दिखाया, श्रेयस ने बताया जीत का मंत्र, टेबल टॉपर बनने की 6 वजहें

मैच के बाद प्रेजेन्टेशन के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर कहते हैं हर खिलाड़ी का अपना एक प्रोसेस है. सब अपना बेस्ट देने की कोशिश करते हैं. मैं या रिकी पॉन्टिंग मैच से पहले खिलाड़ियों को ज्यादा कुछ नहीं बताते. बस उनसे थोड़ी ही बात करते हैं.

आज तक जो नहीं कर पाई दूसरी टीम, वो पंजाब ने कर दिखाया, श्रेयस ने बताया जीत का मंत्र, टेबल टॉपर बनने की 6 वजहें
Shreyas Iyer

पंजाब की टीम अबतक आईपीएल का खिताब नहीं जीत सकी है. पिछले सीजन पंजाब ने बैंगलोर के खिलाफ फाइनल मुकाबला जरूर खेला था, लेकिन उससे पहले फाइनल का सफर इस टीम ने 11 साल पहले यानी 2014 में किया था. ये टीम अबतक सिर्फ़ 3 बार ही प्लेऑफ तक पहुंच पाई है. लेकिन पिछले दो सीजन से कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच रिकी पॉन्टिंग की जुगलबंदी के साथ ये टीम किसी भी टीम से ज़्यादा ताकतवर नजर आ रही है. पंजाब की टीम 6 में से 5 जीत और एक बेनतीजा (बनाम कोलकाता, बारिश की वजह से) पंजाब ने 11 अंक हासिल कर लिए हैं. 1.420 के सबसे बेहतर रन रेट के सहारे ये टीम टेबल टॉपर बनी हुई है. पंजाब ने लखनऊ के ख़िलाफ मैच में 21 छक्के जड़े और टूर्नामेंट के पहले 6 मैचों में बिना हार के एक ऐसा रिकॉर्ड बना डाला जो अबतक 18 सीजन में कोई भी दूसरी टीम नहीं कर पाई. 

हर खिलाड़ी टीम मैन

पंजाब विजयरथ पर सवार है, क्योंकि इस टीम की सोच साफ है और एक्ज़ेक्यूशन यानी प्लान का कार्यान्वयन एकदम परफेक्ट. कोच रिकी पॉन्टिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी का सुरताल इस कदर शानदार साबित हो रहा है कि उनकी टीम के हर खिलाड़ी पूरे भरोसे के साथ मैदान पर अपना 100 फ़ीसदी देता नजर आता है. ओपनिंग जोड़ी से लेकर मिडिल ऑर्डर और गेंदबाज़ों को नतीजे की परवाह किये बिना उनका बेस्ट क्रिकेट खेलने की सलाह दी गई है. 

मैच के बाद प्रेज़ेन्टेशन के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर कहते हैं, 'हर खिलाड़ी का अपना एक प्रोसेस है. सब अपना बेस्ट देने की कोशिश करते हैं. मैं या रिकी पॉन्टिंग मैच से पहले खिलाड़ियों को ज़्यादा कुछ नहीं बताते. बस उनसे थोड़ी ही बात करते हैं.' 

डबल-P का धमाल- शोले ओपनर्स 

पंजाब की जीत की एक बहुत बड़ी वजह उनके धमाकेदार ओपनर्स का फ़ॉर्म में होना है. कमाल की बात ये है कि 6 मैचों के बाद दोनों ओपनर्स के नाम 211-211 रन हैं, वो भी ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट से. दिल्ली प्रीमियर लीग से स्टार बनकर चमके 24 साल के प्रियांश आर्या ने अबतक 6 मैचों में 2 अर्द्धशतक और 249 के स्ट्राइक रेट से 211 रन जोड़े हैं तो 25 साल के विकेटकीपर बैटर प्रभसिमरन सिंह ने 172 के स्ट्राइक रेट और 2 अर्द्धशतकों के सहारे प्रियांश जितने ही रन बटोरे हैं. 

एक यूनिट बनकर कर रहे गेंदबाज़ी 

पंजाब की टीम लगातार जीत के बावजूद किसी एक पहलू पर सबसे ज़्यादा फोकस कर रही होगी तो वो उनकी गेंदबाज़ी है. क्योंकि गेंदबाज़ी के नंबर्स फ़िलहाल दूसरे पहलुओं की तरह शानदार नहीं दिख रहे. फिर भी पंजाब के गेंदबाज़ एक प्लान के तहत गेंदबाज़ी करते नज़र आते हैं. उनकी टीम मैनेजमेंट का भरोसा भी उनपर साफ़ दिखता है. पंजाब के गेंदबाज़ एक अच्छी यूनिट की तरह गेंदबाज़ी कर रहे हैं. 

IPL 2026 के अबतक के टॉप 10 विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों की लिस्ट में पंजाब का कोई गेंदबाज़ नहीं. पंजाब के लिए अबतक अर्शदीप ने 6, विजय व्यशक ने 6, मार्को यानसन ने 5, युवज़्वेंद्र चहल ने 4, ज़ेवियर बार्टलेट ने 4 और शशांक सिंह ने 3 विकेट झटके हैं. 

बैटिंग में डेप्थ 

किसी भी हालात में पंजाब के गेंदबाज़ स्तर से ऊपर उठकर बैटिंग करते दिख रहे हैं. प्रियांश और प्रभसिमरन जैसे शानदार ओपनर्स, कूपर कोनोलि, श्रेयस अय्यर, मार्स स्टोइनिस और नेहाल वढेरा जैसा ठोस मिडिल ऑर्डर और शशांक सिंह जैसे फ़िनिशर के साथ पंजाब के बैटर्स का ख़ौफ़ सभी दूसरी टीमें महसूस कर रही हैं. 

टॉप 10 बैटर की लिस्ट में पंजाब के कूपर कोनोलि (223 रन, 164 स्ट्राइक रेट), प्रियांश आर्या (211 रन, 249 स्ट्राइक रेट), प्रभसिमरन सिंह (211 रन, 172 स्ट्राइक रेट) और कप्तान श्रेयस अय्यर (208 रन, 183 स्ट्राइक रेट) जैसे चार खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं.  

रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

पंजाब की टीम हर मैच में एक रिकॉर्ड बनाने की लत के जैसा प्रदर्शन कर रही है. लखनऊ के ख़िलाफ़ 54 रनों की बड़ी जीत में भी पंजाब ने कई रिकॉर्ड बनाये. 

- एक मैच में सबसे ज़्यादा 6: पंजाब के खिलाड़ियों ने इस मैच में 21 छक्के लगाये. प्रियांश आर्या ने 9, कूपर कोनोली ने 7, मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने 2-2 छक्के लगाये. एक छक्का नेहाल वढेरा के बल्ले से आया. वैसे इस मैच में पंजाब ने 21 और लखनऊ ने 11 छक्के लगाकर 32 छक्कों का एक रिकॉर्ड भी बना डाला.

- पंजाब की टीम ने इस सीजन का बेस्ट टोटल यानि 254/7 का स्कोर भी बना डाला.

- प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की जोड़ी ने 182 रनों की सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड भी बनाया.

- सबसे महंगा ओवर- कूपर कोनोली ने मैच के 13वें ओवर में एडन मार्करम को 3 छक्के और प्रियांश आर्या ने 2 छक्के यानी कुल 5 छक्के लगाकर इन बैटर्स ने 32 रन बटोरे और इस ओवर को इस सीजन का सबसे महंगा ओवर बना डाला. 

सरपंच जैसा पारस कप्तान

पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को कोलकाता की अगुआई में ख़िताब जीतने का अनुभव हासिल है और पिछले साल वो पंजाब को फ़ाइनल तक पहुंचाने में कामयाब रहे थे. इस सीज़न कप्तान श्रेयस अय्यर  ने 183 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 मैचों में 208 रन बटोरे हैं. बाउंड्री लाइन पर मुंबई के ख़िलाफ़ हार्दिक पंड्या का एक ऐसा ‘टीम कैच' लपका कि जॉन्टी रोड्स से लेकर सचिन तेंदुलकर तक उसे अपने जीवन के देखे गए बेस्ट लाइव कैचों में से एक कर रहे हैं. ऑफ़ द फ़ील्ड और ऑन द फ़ील्ड सरपंच की कप्तानी की जमकर तारीफ़ हो रही है. अजेय कप्तान के साथ अजेय पंजाब इतिहास लिख रहा है.

यह भी पढ़ें- 9 छक्के, 4 चौके, 37 गेंद में 93 रन, बल्लेबाज है या तूफान का दूसरा नाम, कौन हैं प्रियांश आर्य?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com