विज्ञापन

'बस पाकिस्तान क्रिकेट की बेहतरी चाहता हूं...' चीफ सेलेक्टर बनने की खबरों पर शोएब अख्तर ने तोड़ी चुप्पी

शोएब अख्तर ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में किसी पद की रेस में नहीं है.

'बस पाकिस्तान क्रिकेट की बेहतरी चाहता हूं...' चीफ सेलेक्टर बनने की खबरों पर शोएब अख्तर ने तोड़ी चुप्पी
चीफ सेलेक्टर बनने की खबरों पर शोएब अख्तर ने तोड़ी चुप्पी

पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिनमें उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट टीम का नया चीफ सेलेक्टर बनाए जाने की बात कही जा रही थी. लगभग एक हफ्ते पहले ऐसी खबरें आई थीं कि वो टीम के मुख्य चयनकर्ता हो सकते हैं. अख्तर ने एक बार फिर दोहराया कि वे कोई प्रशासनिक पद संभालने के पक्ष में नहीं हैं, हालांकि वे दूसरे तरीकों से पाकिस्तान क्रिकेट की मदद करने के लिए उत्सुक हैं. 

इससे पहले खबरों में कहा गया था कि इस्लामाबाद में रहने वाले अख्तर ने पिछले हफ्ते PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी से क्रिकेट से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की थी और उन्हें एक अहम भूमिका की पेशकश की जाने वाली थी. हालांकि, अख्तर ने इस संभावना से साफ इनकार किया है.

एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान, अख्तर से पीसीबी में उनकी नियुक्ति की अटकलों के बारे में पूछा गया. एंकर ने खबरों का हवाला देते हुए पूर्व तेज गेंदबाज़ को उनकी पुरानी बात याद दिलाई, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनकी स्वर्गीय मां ने उन्हें PCB और पाकिस्तानी राजनीति, दोनों से दूर रहने की सलाह दी थी.

पीटीवी स्पोर्ट्स पर एंकर के सवाल का जवाब देते हुए अख्तर ने कहा,"ऐसी कोई बात नहीं है और जो कुछ भी कहा जा रहा है, वह सिर्फ़ अटकलें हैं. मैं अपनी बात पर कायम हूं और उस सलाह को ही मानूंगा." उन्होंने आगे कहा,"इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है. मुझे पीसीबी में जाने में कोई दिलचस्पी नहीं है. मैं अपनी बात पर कायम हूं."

रावलपिंडी एक्सप्रेस ने आगे कहा,"मैं चीफ सेलेक्टर की भूमिका संभालने के बारे में ये सारी खबरें सुन रहा हूं. यह सब झूठा है और ऐसे दावों में कोई सच्चाई नहीं है. मैं बस पाकिस्तान क्रिकेट की बेहतरी चाहता हूं."

अख्तर ने कई बार माना है कि पाकिस्तान क्रिकेट की हालत अच्छी नहीं है, फिर भी वह बोर्ड में कोई औपचारिक भूमिका निभाने से हिचकिचाते हैं. उन्होंने कहा,"मैं पाकिस्तान क्रिकेट की सेवा करना पसंद करूंगा, लेकिन मुझे लगता है कि मैं इसे कई अन्य तरीकों से भी कर सकता हूं."

शुरुआती खबरों में यह भी दावा किया गया था कि हाल के महीनों में अख्तर और नकवी के रिश्ते बेहतर हुए हैं. बोर्ड चेयरमैन ने अख्तर के भाई के निधन के बाद व्यक्तिगत रूप से 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' से संपर्क किया था. इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट की स्थिति और संभावित सुधार के उपायों पर चर्चा हुई, जिससे ये अफवाहें उड़ीं.

इसके अलावा, खबर है कि पीसीबी राष्ट्रीय महिला टीम के लिए एक स्थायी, लंबे समय के लिए हेड कोच नियुक्त करने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि टीम का हालिया प्रदर्शन भी खराब रहा है.

यह भी पढ़ें: 'सबसे अच्छी बात जो मुझे लगी...' कप्तान श्रेयस अय्यर की इस खूबी ने जीता कोच गौतम गंभीर का दिल

यह भी पढ़ें: 'LA 2028 में बजेगा राष्ट्रगान' एशियन गेम्स में दमदार प्रदर्शन के बाद पहलवानों ने बताया अगला टारगेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shoaib Akhtar, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com