Will Rohit Sharma IPL Career Comes To End, MI vs SRH: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने फैंस के बीच चिंता और अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में भी रोहित के मैदान पर न उतरने के बाद, यह लगातार चौथा मैच है जब 'हिटमैन' टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रहे हैं. टॉस के समय कप्तान हार्दिक पांड्या ने उनकी फिटनेस पर बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि रोहित अभी पूरी तरह मैच फिट नहीं हैं और उन्हें वापसी करने में कुछ और मैचों का समय लग सकता है.
हार्दिक के मुताबिक, "रोहित प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी स्थिति अभी वैसी नहीं है जैसी होनी चाहिए". हालांकि, रोहित को मैच से पहले नेट पर बल्लेबाजी और हल्की ट्रेनिंग करते हुए देखा गया है, जो उनके जल्द फिट होने का संकेत तो देता है, लेकिन मैदान पर उनकी वापसी अभी भी सवालों के घेरे में है.
रोहित की इस लंबी अनुपस्थिति ने उनके आईपीएल करियर के भविष्य को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है. 12 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद से वह 17 दिनों से बाहर हैं. मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है और रोहित की कमी टीम के ओपनिंग स्लॉट में साफ नजर आ रही है. ऐसे में क्या 38 वर्षीय रोहित अब अपने आईपीएल करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं.
आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस (MI) के लिए एक आक्रामक सलामी बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं, हालांकि हाल ही में वह हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं. 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें यह चोट लगी थी, जिसके बाद से वह लगातार 4 मैच मिस कर चुके हैं.
रोहित शर्मा के आईपीएल 2026 के अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो चोटिल होने से पहले रोहित ने 4 पारियों में 45.67 की औसत और 165.06 के स्ट्राइक रेट से कुल 137 रन बनाए थे. इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर (38 गेंद पर 78) रन रहा है, जो उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में बनाया था. इसी मैच में उन्होंने आईपीएल इतिहास का अपना सबसे तेज अर्धशतक (23 गेंद) भी जड़ा था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं