Riyan Parag Fined for Vaping During IPL 2026 Match: बीसीसीआई ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रेयान पराग के वेपिंग कांड पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनपर 25 प्रतिशत का जुर्माना लगाया है. मैच के दौरान पराग का ड्रेसिंग रूम में वेपिंग (ई-सिगरेट) करते हुए वीडियो वायरल हुआ था. बीसीसीआई ने पराग पर लेवल -1 अपराध के तहत कार्रवाी की है. भारतीय बोर्ड ने पराग को एक डिमेरिट प्वाइंट भी लगा दिया है. IPL 2026 में गत मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के 24 वर्षीय कप्तान रियान पराग न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान अचनाक सुर्खियों में आ गए थे. पराग राजस्थान रॉयल्स के ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करते हुए पाए गए थे. इस घटना के बाद काफी बवाल मचा था.
जहां एक तरफ RR का IPL अभियान सामूहिक रूप से बहुत अच्छा चल रहा है. उन्होंने छह मैच जीते हैं और तीन हारे हैं और 12 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए एक मजबूत दावेदार हैं और अभी चौथे स्थान पर हैं. वहीं रियान खुद बल्ले से खराब प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने नौ मैचों में सिर्फ़ 117 रन बनाए हैं, जिनका औसत 14.62 का है, स्ट्राइक रेट 124.46 है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 29 है.
अब तक, RR के जबरदस्त अभियान में ओपनिंग जोड़ी वैभव सूर्यवंशी (नौ मैचों में 238 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 400 रन, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं) और यशस्वी जायसवाल (नौ मैचों में 158 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 306 रन, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं) का दबदबा रहा है. साथ ही तेज़ गेंदबाज़ों की जोड़ी जोफ्रा आर्चर (19.50 के औसत से 14 विकेट) और नांद्रे बर्गर (32.77 के औसत से नौ विकेट) ने भी शानदार प्रदर्शन किया है.
डोनोवन फरेरा (छह पारियों में 36.40 के औसत और 158 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 182 रन, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं) ने भी RR के लिए कुछ जोरदार फिनिश दिए हैं. रॉयल्स शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स (DC) से भिड़ेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं