विज्ञापन
This Article is From Mar 05, 2018

NIDAHAS TROPHY: टीम इंडिया का कल श्रीलंका से मैच, युवा खिलाड़ि‍यों के पास चमक दिखाने का मौका...

रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत की युवा टीम मंगलवार को यहां निधास टी20 कप त्रिकोणीय सीरीज के शुरुआती मैच में श्रीलंका के सामने होगी.

NIDAHAS TROPHY: टीम इंडिया का कल श्रीलंका से मैच, युवा खिलाड़ि‍यों के पास चमक दिखाने का मौका...
त्रिकोणीय सीरीज में भारतीय टीम का नेतृत्‍व रोहित शर्मा कर रहे हैं (फाइल फोटो)
  • फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे कप्‍तान रोहित शर्मा
  • विराट, भुवी, पंड्या और बुमराह को दिया गया है रेस्‍ट
  • तीसरे नंबर पर बैटिंग कर सकते हैं सुरेश रैना
कोलंबो: रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत की युवा टीम मंगलवार को यहां निधास टी20 कप त्रिकोणीय सीरीज के शुरुआती मैच में श्रीलंका के सामने होगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ज्‍यादातर सीनियर खिलाड़ि‍यों को रेस्‍ट हुए प्रतियोगिता के लिए युवा टीम चुनी है. इन खिलाड़ियों का लक्ष्य अगले साल होने वाले वर्ल्‍डकप से पहले चयनकर्ताओं की नजरों में बने रहने का होगा. बांग्लादेश इस सीरीज में तीसरी टीम है. हालांकि भारत के छह शीर्ष खिलाड़ियों को आराम दिया गया है जिससे युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का यह अच्छा मौका होगा. इस टीम में ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा और मोहम्मद सिराज शामिल हैं जो अगर इसमें नहीं होते तो अपनी आईपीएल टीमों के शिविरों में इस लीग के शुरू होने का इंतजार कर रहे होते. प्रमुख सीनियर खिलाड़ि‍यों के नहीं होने के बावजूद भारतीय टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.जिन खिलाड़ियों को मैच में खेलने का मौका मिलेगा, उनका लक्ष्य सिर्फ एक ही होगा कि वे इस मौके का पूरा फायदा उठा सकें क्योंकि आईसीसी वर्ल्‍डकप से पहले उन्हें इतने मौके नहीं मिलेंगे जिसमें बस 16 महीने का समय बचा है. हालांकि यह टी20 टूर्नामेंट है लेकिन वे अच्छे प्रदर्शन से राष्ट्रीय चयन समिति को आकर्षित कर सकते हैं जो मध्यक्रम में सीमित बल्लेबाजी स्थान और शायद रिजर्व तेज गेंदबाजों के लिये उनके नाम पर विचार कर सकते हैं. ज्यादातर मौकों पर भारतीय टीम ने श्रीलंका को पस्त किया है और कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा के पास ट्रॉफी घर लाने के कई कारण दिखते हैं. दक्षिण अफ्रीका दौरे के खराब प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा फॉर्म में वापसी को बेताब होंगे. वह अफ्रीकी दौरे पर एक वनडे में केवल ही सैकड़ा जड़ सके थे.प्रेमदासा स्टेडियम में रोहित अपने जोड़ीदार शिखर धवन के साथ शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे. सुरेश रैना फिटनेस और फॉर्म संबंधित मुद्दों के कारण करीब एक साल तक टीम से बाहर रहे, लेकिन वह वापसी के बाद धीरे-धीरे तीसरे नंबर के हिसाब से ढल रहे हैं और सुरंगा लकमल, दुष्मंत चामीरा और दासुन शनाका की तेज गेंदबाजी तिकड़ी से उन्हें ज्यादा समस्या नहीं होगी. वहीं प्रतिभाशाली लोकश राहुल को अगर टीम प्रबंधन पारी का आगाज करने के लिये नहीं चुनता है तो रैना की टीम में वापसी से उन्हें चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है. मनीष पांडे भी काफी समय से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. उन्हें जो भी सीमित मौके दिये गये हैं, उसमें उन्होंने खुद को साबित किया है.दिनेश कार्तिक के पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने और विकेटकीपिंग करने की उम्मीद है जिससे छठे स्थान के लिये संघर्ष दीपक हुड्डा और ऋषभ पंत के बीच होगा. प्रेमदासा में दूधिया रोशनी में विकेट धीरे-धीरे धीमा ही होगा, वाशिंगटन सुंदर और युजवेंद्र चहल दो स्पिनर विकल्प हैं. शारदुल ठाकुर ने दक्षिण अफ्रीका में प्रभावित किया था, उनके जयदेव उनादकट के साथ नई गेंद से आक्रमण की जिम्‍मेदारी संभालने की उम्मीद है. यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज या एक ऑलराउंडर रखने का विकल्प चुनता है. अगर टीम एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज चुनती है तो मोहम्मद सिराज इसमें शामिल हो सकते हैं या फिर तमिलनाडु के आल राउंडर विजय शंकर को जगह मिलेगी. वैसे, अगर अतिरिक्त स्पिनर की जरूरत होगी तो अक्षर पटेल विकल्प हैं. उम्मीद है कि मुख्य कोच रवि शास्त्री उस खिलाड़ी को नहीं खिलाएंगे जो टीम प्रबंधन की भविष्य (वर्ल्‍डकप की) की योजनाओं में शामिल नहीं होगा.

पिछली बार भारत जब श्रीलंका में खेला था तो उन्होंने सभी प्रारूपों में 9-0 से 'वाइटवाश' किया था लेकिन इस बार यह इतना आसान नहीं होगा. श्रीलंका ने हाल में बांग्लादेश में त्रिकोणीय वनडे टूर्नामेंट जीता है और इससे टीम के खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे होंगे. दिनेश चंदीमल, उपुल थरंगा, कुसल मेंडिस और कुसल परेरा सभी प्रतिभावान हैं लेकिन पिछले कुछ समय से ये अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. लकमल, चामीरा, शनाका और रहस्यमयी स्पिनर धनंजय को मजबूत बल्लेबाजी लाइन अप के खिलाफ बेहतर गेंदबाजी करनी होगी.

वीडियो: गावस्‍कर ने की रोहित शर्मा और शिखर धवन की तारीफ
टीमें इस प्रकार हैं...
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उप कप्तान), केएल राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शारदुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत.

श्रीलंका:दिनेश चंदीमल (कप्तान), सुरंगा लकमल (उप कप्तान), उपुल थरंगा, धनुष्का गुणतिलके, कुसल मेंडिस, दासुन सनाका, कुसल परेरा, तिसारा परेरा, जीवन मेंडिस, इसुरू उदाना, अकिला धनंजय, अमिला अपोन्सो, नुवान प्रदीप, दुष्मंत चमीरा और धनंजय डिसिल्वा.

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा. (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nidahas Trophy T20 Series, India Vs Sri Lanka, Team India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com