भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में नियमित जगह पाने के लिए संघर्ष कर रहे स्टार 'चाइनामैन' स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) मौजूदा समय में इंग्लैंड में हैं. जहां वह यॉर्कशायर की तरफ से वन-डे कप 2026 में शिरकत कर रहे हैं. 31 वर्षीय स्पिनर ने अपने डेब्यू मुकाबले में ही दमदार गेंदबाजी करते हुए हर किसी को अपना दीवाना बना दिया है. ग्लेमोर्गन बनाम यॉर्कशायर मुकाबले में उन्होंने यॉर्कशायर की तरफ से खेलते हुए कुल 10 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच वह 3.90 की इकॉनमी से 39 रन खर्च करते हुए दो विकेट चटकाने में कामयाब रहे. मैच के दौरान उनके शिकार विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स हॉर्टन के अलावा निचले क्रम के गेंदबाज जेमी मैकलॉय बने. कुलदीप ने एलेक्स को 30 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर बेनिसन के हाथों कैच आउट किया, जबकि मैकलॉय को बिना खाता खोले व्हाइट के हाथों पवेलियन का रास्ता दिखाया.
कोच और कप्तान की मौजूदा रणनीति में फिट नहीं बैठ पा रहे हैं कुलदीप
इसमें कोई दो राय नहीं है कि कुलदीप यादव मौजूदा समय के होनहार स्पिन खिलाड़ियों में से एक हैं. मगर कोच और कप्तान की मौजूदा रणनीति में वह फिट नहीं बैठ पा रहे हैं. जिसकी वजह से उन्हें अक्सर प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ रहा है. भारतीय टीम मौजूदा समय में ऑलराउंडर खिलाड़ियों पर ज्यादा फोकस कर रही है. जिससे बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में डेप्थ मिल सके. टीम की यही रणनीति कुलदीप के लिए घातक साबित हो रही है. क्योंकि वह प्योर बॉलर हैं. बल्लेबाजी में उनके ज्यादा धार नहीं है. जिससे वह अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों के साथ रेस में पिछड़ जा रहे हैं.
Kuldeep Yadav on his way to a debut 2-39 from 10 overs at Neath.
— Yorkshire CCC (@YorkshireCCC) July 24, 2026
📸 Huw Evans/Glamorgan Cricket pic.twitter.com/XToh89Oo5q
कुलदीप यादव का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
बात करें कुलदीप यादव के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के बारे में तो उन्होंने खबर लिखे जाने तक कुल 18 टेस्ट, 121 वनडे और 54 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनको टेस्ट की 34 पारियों में 22.35 की औसत से 79, वनडे की 118 पारियों में 27.04 की औसत से 194 और टी20 की 52 पारियों में 13.74 की औसत से 95 सफलता हाथ लगी है.
कुलदीप यादव के नाम टेस्ट क्रिकेट में पांच बार पांच और चार बार चार विकेट चटकाने का कारनामा दर्ज है. इसके अलावा उन्होंने वनडे में दो बार पांच और नौ बार चार एवं टी20 में दो बार पांच और तीन बार चार विकेट चटकाने का रिकॉर्ड बनाया है.
यह भी पढ़ें- भारत में खेला जाएगा एशेज? जानें ग्रीनबर्ग ने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले ऐतिहासिक मुकाबले पर क्या कहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं