श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज दासुन शनाका, जिन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग को छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग का चुनाव किया था, उन्हें पीएसएल से एक साल के लिए बैन कर दिया गया है. यह बैन लीग और लाहौर कलंदर्स फ्रेंचाइजी के साथ उनके कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने की समीक्षा के बाद लगाया गया है. लाहौर कलंदर्स ने इस श्रीलंकाई ऑलराउंडर को चल रहे PSL 2026 सीज़न में खेलने के लिए 75 लाख पाकिस्तानी रुपये में साइन किया था. 34 साल के शनाका ने इस साल 21 मार्च को टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था. इसके ठीक एक दिन बाद आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें सैम करन की जगह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर साइन कर लिया.
इस साल फरवरी मार्च में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ था. ऐसे में पीएसएल की तारीखों को पाकिस्तानी बोर्ड ने आगे बढ़ाया. पाकिस्तानी लीग और इंडियन प्रीमियर लीग की तारीखों में टकराव हुआ. कई विदेशी खिलाड़ियों ने सीजन की शुरुआत के पहले ही लीग से नाम वापस ले लिया था, जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी और दासुन शनाका ने पीएसएल के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़ा और आईपीएल चुना. इससे झल्लाएं पाकिस्तानी बोर्ड ने विदेशी खिलाड़ियों पर एक्शन लेने की बात कही थी.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की समीक्षा रिपोर्ट में कहा गया,"समीक्षा से यह निष्कर्ष निकला कि खिलाड़ी का टूर्नामेंट से एकतरफा नाम वापस लेना, 'खिलाड़ी पंजीकरण शर्तों' और 'त्रिपक्षीय समझौते' - दोनों का ही स्पष्ट उल्लंघन है. समीक्षा में यह भी सामने आया कि खिलाड़ी ने जिन आधारों पर टूर्नामेंट से नाम वापस लिया, वे मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के दायरे में मान्य नहीं हैं."
रिपोर्ट में आगे कहा गया,"हालांकि, औपचारिक सुनवाई के दौरान बोर्ड ने खिलाड़ी द्वारा व्यक्त किए गए खेद और पाकिस्तान में खेलने के प्रति उनके जुनून को संज्ञान में लिया है, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट के उल्लंघन की गंभीरता को देखते हुए लीग की गरिमा और विशिष्टता को बनाए रखने के लिए नियामक कार्रवाई करना आवश्यक हो गया था."
शनाका, जिन्होंने हाल ही में हुए T20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की कप्तानी की थी, ने उसी मीडिया रिलीज़ में अपने किए पर अफ़सोस ज़ाहिर किया. रिलीज़ में उनके हवाले से कहा गया,"मुझे HBL PSL से नाम वापस लेने के अपने फ़ैसले पर गहरा अफ़सोस है और मैं पाकिस्तान के लोगों, HBL PSL के फ़ैन्स और पूरे क्रिकेट जगत से तहे दिल से माफ़ी मांगता हूं."
यह भी पढ़ें: GT vs KKR, IPL 2026: 'कब खेली थी आखिरी मैच जिताऊ पारी...' पूर्व केकेआर स्टार ने हार्दिक पांड्या से पूछे तीखे सवाल
यह भी पढ़ें: दिल्ली में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा यह अफगानी स्टार, इस जानलेवा बीमारी के चलते ICU में भर्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं