विज्ञापन

IPL 2026: 'मेरे दिमाग में कुछ था...' मुंबई के खिलाफ आतिशी पारी के बाद जायसवाल ने दिया बड़ा बयान

Rajasthan Royals vs Mumbai Indians: मुंबई के खिलाफ मैच जिताऊ पारी के बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कहा है कि उन्होंने शुरुआती से ही अटैक करने का मन बना लिया था, क्योंकि पावरप्ले सिर्फ 3 ओवरों का था.

IPL 2026: 'मेरे दिमाग में कुछ था...' मुंबई के खिलाफ आतिशी पारी के बाद जायसवाल ने दिया बड़ा बयान
Yashasvi Jaiswal Statement Rajasthan Royals vs Mumbai Indians

Yashasvi Jaiswal Big Statement: आईपीएल 2026 का 13वां मुकाबला मंगलवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया. बारिश की वजह से 11-11 ओवर के इस मैच में मुंबई को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा. राजस्थान की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं मैच जिताऊ पारी के बाद जायसवाल ने कहा कि उनके दिमाग में शुरुआत से ही कुछ था, क्योंकि पावरप्ले के सिर्फ 3 ओवर थे. बता दें, यह राजस्थान की सीजन की तीसरी जीत है और वो मंगलवार को मिले दो अहम अंकों के साथ टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर आ गई है. 

मुंबई के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में यशस्वी जायसवाल ने कहा,"मुझे लगता है कि मेरे दिमाग में कुछ चल रहा था, क्योंकि पावरप्ले के सिर्फ़ तीन ओवर थे. इसलिए मैं सोच रहा था कि मैं इन ओवरों में कैसे रन बनाऊं या किस गेंदबाज़ को निशाना बनाऊं. तो मैं यही प्लान कर रहा था, जैसे ही मैंने देखा कि चाहर भाई आ रहे हैं, मैंने सोचा कि मैं उनको अटैक कर सकता हूं."

जायसवाल ने कहा,"मैच के दौरान वह पूरी तरह खेल में डूबे रहते हैं और लगातार यह सोचते हैं कि कौन से शॉट खेलने हैं और किस गेंदबाज के खिलाफ आक्रामक होना है. वह लगातार नए शॉट्स पर काम करते हैं और अलग-अलग पिच के हिसाब से खुद को ढालने की कोशिश करते हैं. किसी समय खास शॉट खेलने की जरूरत होती है, तो वह बिना हिचक उसे खेलने की कोशिश करते हैं. साथ ही हर स्थिति को समझकर खेलते हैं और टीम की जरूरत के मुताबिक अपना गेम बदलते हैं."

जायसवाल ने अपने ओपनिंग साझीदार वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा,"वह शानदार खेल रहा है और काफी मेहनत कर रहा है. हम दोनों एक दूसरे से बात करते रहते हैं और एक-दूसरे को सकारात्मक संदेश देते रहते हैं. मैं वैभव को किसी तरह का दिशा-निर्देश नहीं देता. वह खुद समझदार खिलाड़ी हैं और खेल को अच्छी तरह समझते हैं. वह अपने खेल का आनंद ले रहा है." 

मैच की बात करें तो मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. राजस्थान ने सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों पर 5 छक्कों और 1 चौके की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए. यशस्वी जायसवाल 32 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 77 रन बनाकर नाबाद रहे. 151 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई कभी जीत की ओर जाती हुई नहीं दिखी. मुंबई 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 तक पहुंच सकी और 27 रन से मैच हार गई. राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने 1-1, जबकि नांद्रे बर्गर-संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए.

यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'जिस तरह के शॉट्स लगाता है...' वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग देख हैदान रह गए हार्दिक पांड्या, तारीफ में कही बड़ी बात

यह भी पढ़ें: DC vs GT IPL 2026 Weather Report: दिल्ली-गुजरात मैच में बारिश बनेगी विलेन? जानें कैसा रहेगा मौसम, क्या है अपडेट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com