IPL 2026 Updated Points Table After CSK vs DC 48th Match: संजू सैमसन की नाबाद पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर पर हराकर सीजन की पांचवीं जीत दर्ज की. चेन्नई के प्लेऑफ की राह थोड़ी आसान हुई है और वो अभी भी रेस में बनी हुई है, लेकिन दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं. हालांकि, मंगलवार को 8 विकेट की जीत के बाद भी प्वॉइंट्स टेबल में चेन्नई सुपर किंग्स की पोजिशन में कोई बदलाव नहीं हुआ है और टीम छठे स्थान पर ही है. जबकि दिल्ली मैच से पहले भी सातवें स्थान पर भी और मैच के बाद भी इसी पोजिशन पर है. बता दें, दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे, इसके जवाब में चेन्नई ने 17.3 ओवर में ही मैच अपने नाम किया.
ऐसी है प्वॉइंट्स टेबल
चेन्नई सुपर किंग्स के अब 10 मैचों में 5 जीत और 5 हार के साथ 10 अंक हैं, जबकि दिल्ली के 10 मैचों में 4 जीत और 6 हार के बाद 8 अंक हैं. दिल्ली अभी भी सातवें स्थान पर है. दिल्ली को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो यहां से सभी मैच उसके लिए नॉकआउट बन गए हैं, जबकि चेन्नई अब अगर बचे सभी मैच जीत जाती है तो वह आसानी से प्लेऑफ का टिकट हासिल कर सकती है.

चेन्नई के अब 4 मैच बचे हैं. और वो अधिकतम 18 अंकों तक पहुंच सकती है. जबकि दूसरे छोर पर दिल्ली है, जिसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो सकते हैं. दिल्ली अपने बचे सभी मैच जीतकर अधिकतम 16 अंकों तक पहुंच सकती है.
संजू की आंधी में उड़ी दिल्ली
संजू सैमसन और कार्तिक शर्मा के बीच अटूट शतकीय साझेदारी की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट खोकर 155 रन बनाए. टीम को पथुम निसांका और केएल राहुल (12) की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 4 ओवरों में 29 रन जोड़े. पथुम 15 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 19 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया.
आलम ये रहा कि टीम ने 69 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे. यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने समीर रिजवी के साथ छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. स्टब्स 31 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि समीर रिजवी ने 24 गेंदों में 4 छक्कों के साथ 40 रन की नाबाद पारी खेली.
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 17.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. 3.5 ओवर में टीम को कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (6) के रूप में पहला झटका लगा. 6.3 ओवर में उर्विल पटेल (1) स्टंप आउट हुए. टीम ने 45 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे. यहां से सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने कार्तिक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 114 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई. सैमसन 52 गेंदों में 6 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 87 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कार्तिक ने 31 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाए. उनकी इस पारी में 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: ICC T20I Team Rankings: वर्ल्ड चैंपियन भारत की टॉप पर बादशाहत कायम, लेकिन इस टीम से बढ़ रहा खतरा
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'जब उनकी टीम लगातार हार रही थी...' रोहित शर्मा की वापसी पर हरभजन का बड़ा बयान हुआ वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं