Mumbai Indians, T20 World Cup 2026 Hero IPL 2026 Zero: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के नायक रहे सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह से फैंस को उम्मीद थी कि यह दिग्गज आईपीएल में भी अपनी यह फॉर्म जारी रखेंगे. लेकिन जैसे ही टूर्नामेंट आगे बढ़ा, यही खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी चिंता बनते चले गए. अंतरराष्ट्रीय मंच पर मैच‑विनर साबित हुए ये सितारे लीग में संघर्ष कर रहे हैं. इसका सीधा असर टीम पर पड़ा. मुंबई इंडियंस अपने 9 मैचों में अभी तक सिर्फ 2 जीत पाई है. टीम पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है और उसका इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचना असंभव सा है.
जसप्रीत बुमराह
मुंबई इंडियंस की चिंता जिस दिग्गज ने सबसे अधिक बढ़ाई हैं, वो हैं जसप्रीत बुमराह. टी20 वर्ल्ड कप में 8 मैचों में 6.21 की इकॉनमी से 14 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज रहे, बुमराह, एक सप्ताह बाद संघर्ष करते दिखे. शुरुआती पांच मैचों में वो कोई विकेट नहीं ले पाए थे. 02 मई को चेन्नई के खिलाफ मैच के बाद बुमराह के नाम 9 मैचों में सिर्फ 3 विकेट हैं. बुमराह लीग में अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं. उनकी इकॉनमी इस दौरान 8.60 की है. बुमराह का गेंदबाजी औसत 94.66 की है. यह आंकड़े देखकर किसी को भी यकीन हो कि यह दुनिया के सबसे बेस्ट गेंदबाज के हैं.
हार्दिक पंड्या
क्लच ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2026 में 8 मैचों में 4 विकेट झटके हैं. इकॉनमी 11.90 की है. इस दौरान उनके बल्ले से 146 रन आए हैं. बल्लेबाजी में उनका औसत 20.85 का है और स्ट्राइक रेट 136.44 का. अब एक बार टी20 वर्ल्ड कप के उनके आंकड़ों पर गौर कीजिए. 9 मैचों में 217 रन. स्ट्राइक रेट 160.74 का और औसत 27.12 का. वर्ल्ड कप में विकेट रहे, 9 मैचों में 9. इकॉनमी रही 8.81 की. हार्दिक ना सिर्फ बल्ले और गेंद से संघर्ष कर रहे हैं, बल्कि कप्तानी में भी उनका रिकॉर्ड बेहतर नहीं है.
सूर्यकुमार यादव
मुंबई को इस सीजन अच्छी शुरुआत भी नहीं मिली और उसके बाद जब जिम्मेदारी मिडिल ऑर्डर पर आई तो वहां सूर्यकुमार यादव संघर्ष करते दिखे. उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेली, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए. इस सीजन उनका लगातार मैचों में दहाई के आंकड़े को पार करने का रिकॉर्ड भी टूटा. सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप में 9 मैचों में 30.25 की औसत और 136.72 की स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए हैं. जबकि मौजूदा टूर्नामेंट में वह 9 मैचों में सिर्फ 183 रन बना पाए हैं. औसत 20.33 का.
तिलक वर्मा
मुंबई को सबसे अधिक भरोसा तिलक पर था, लेकिन उन्होंने आईपीएल 2026 में 9 मैचों में 24.12 की औसत और 162.18 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 193 रन बनाए हैं. एक शतकीय पारी निकाल दें तो यह बाएं हाथ का बल्लेबाज कोई कमाल नहीं दिखा पाया है. मौजूदा सीजन में वह सिर्फ 4 बार दहाई का आंकड़ा पार कर पाए हैं. इस सीजन उनका स्कोर है - 20, 0, 14, 1, 8, 101, 37, 7 और 5. जबकि वर्ल्ड कप में उन्होंने 207 रन बनाए थे. 29.57 की औसत और 154.47 की स्ट्राइक रेट से. तिलक को वर्ल्ड कप में बहुत अधिक गेंदें नहीं मिली थी, लेकिन उन्होंने अपना जलवा जरूर दिखाया, जब उन्हें मौका मिला.
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाले सितारे जब IPL में मुंबई इंडियंस के लिए खेले, तो आंकड़े उनके खिलाफ खड़े नजर आए. अंतरराष्ट्रीय मंच के हीरो IPL 2026 में मुंबई के लिए बोझ बनते दिखे. यह साफ इशारा करता है कि आखिर मुंबई का इस सीजन इतना बुरा हाल क्यों है.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'पावर-प्ले' में आग उगल रहा पंजाब, पर यह 'सबसे बड़ी खामी' न पड़ जाए टीम अय्यर को भारी
यह भी पढ़ें: फिर बदले राजस्थान रॉयल्स के मालिक, मित्तल फैमली-अदार पूनावाला ने मिलकर खरीदा, लगभग 15,653 करोड़ में हुई डील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं