विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2017

आतंक से जूझ रहे अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान, मोहम्मद नबी ने IPL नीलामी में चौंकाया था, अब हैं तैयार...

आतंक से जूझ रहे अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान, मोहम्मद नबी ने IPL नीलामी में चौंकाया था, अब हैं तैयार...
अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान पर 4 करोड़ की बोली लगी थी.
हैदराबाद: आतंक से जूझ रहे अफगानिस्तान जैसे छोटे देश के किसी खिलाड़ी का आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में जगह बनाना किसी आश्चर्य से कम नहीं है. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत जैसे देशों के उभरते हुए क्रिकेटरों के बीच अपनी जगह बनाना वास्तव में छोटी बात नहीं है. आईपीएल-10 में जगह बनाने वाले अफगानिस्तान के यह पहले क्रिकेटर हैं. मोहम्मद नबी को सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये में खरीदा था, जबकि राशिद खान को 4 करोड़ में लेकर चौंका दिया था. मोहम्मद नबी और राशिद खान के लिए आईपीएल का हिस्सा बनना सपना साकार होने की तरह है और दोनों सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए छाप छोड़ना चाहते हैं.

आईपीएल के सीजन 10 की नीलामी में जब अफगानिस्‍तान के राशिद खान पर चार करोड़ रुपये की ऊंची कीमत पर खरीदा गया तो यह सवाल सबकी जुबान पर था कि उन पर इतना बड़ा दांव क्यों? वास्तव में महज 18 साल के राशिद ने अपने क्रिकेट कौशल से हर किसी को प्रभावित किया है. वे दाएं हाथ के लेग ब्रेक बॉलर और बैट्समैन हैं.

ऑलराउंडर नबी और लेग स्पिनर राशिद ने कहा कि उन्होंने पांच अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के लिए कमर कस ली है और मुकाबले के लिए तैयार हैं.

मोहम्मद नबी ने कहा, ‘यह हम दोनों के लिए सम्मान की बात है कि हमें आईपीएल के लिए चुना गया है. यह बहुत बड़ी उपलब्धि है, यह अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ा लम्हा है. इस लीग का हिस्सा होना मेरे लिए सपना साकार होने की तरह है.’

राशिद ने कहा कि यह सीखने के लिहाज से बेहतरीन टूर्नामेंट होगा और वह मुथया मुरलीधरन (गेंदबाजी कोच और मेंटर) के अलावा युवराज सिंह, डेविड वार्नर और केन विलिसमसन जैसे बड़े खिलाड़ियों के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं.

राशिद के रिकॉर्ड पर एक नजर
20 सितंबर 1998 को जन्‍मे राशिद अफगानिस्‍तान की अंडर-19 के अलावा सीनियर टीम का भी प्रतिनिधित्‍व कर चुके हैं. अफगानिस्‍तान की टीम का सदस्‍य होने के कारण राशिद का प्रदर्शन ज्‍यादातर लोगों की नजर में नहीं आ पाता, लेकिन अपने खेल से उन्‍होंने बेहद कम समय में कई क्रिकेट जानकारों को प्रशंसक बनाया है. राशिद ने अब तक 18 वनडे और 21 टी20 मैचों में अफगानिस्‍तान का प्रतिनिधित्‍व किया है.

वनडे में उन्‍होंने 22.00 के औसत से 286 रन( सर्वोच्‍च स्‍कोर 60*) बनाने के अलावा 19.58 के औसत से 31 विकेट भी लिए हैं. इस दौरान 21 रन देकर चार विकेट उनका सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन रहा है.  21 टी20 मैचों में राशिद ने 16.06 के औसत से वनडे के बराबर ही 31 विकेट लिए हैं. 11 रन देकर तीन विकेट इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है. टी20 मैचों की छह पारियों में से चार में नाबाद रहते हुए उन्‍होंने 31.50 के औसत से 63 रन बनाए हैं. खास बात यह है कि वनडे में उनका बैटिंग स्‍ट्राइक रेट 100 और टी20 में 157.50 का है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohammad Nabi, Rashid Khan, IPL 2017, Afghanistan Cricket, Cricket News In Hindi, IPL 10
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com