India vs New Zealand, 3rd T20I: रोहित के रणबांकुरों ने रविवार को को ईडेन गॉर्डन में खेले गए तीन टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को 73 रनों के विशाल अंतर से धोकर मेहमानों को सीरीज में 3-0 से धो दिया. वास्तव में यह कहना गलत नहीं होगा कि लगभग 60 प्रतिशत मैच की तस्वीर तभी साफ हो चुकी थी, जब पहली पाली में भारत ने कीवियों के सामने 185 का बड़ा स्कोर चेज करने के लिए रखा था. और जब न्यूजीलैंड ने पावर-प्ले के शुरुआती छह ओवरों में ही तीन विकेट गंवा दिए, तो फिर बहुत हद तक तस्वीर मुकाबले की साफ हो चुकी थी कि परिणाम रूपी ऊट किस करवट बैठने जा रहा है. यहां से उसके ओपनर मार्टिन गप्टिल (51) ने जरूर हाथ खोले, लेकिन ये हाथ बहुत ही नाकाफी थे और बाकी बल्लेबाजों की बॉडी लैंग्वेज और खेलने के अंदाज ने साफ बयां कर दिया कि वह दिमागी तौर पर बहुत पहले ही हार चुके थे. उसके टॉप ऑर्डर के दो बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके, तो गप्टिल के बाद दूसरा बेस्ट स्कोर 17 रन सेईफर्ट का रहा. पूरी न्यूजीलैंड टीम 17.1 ओवरों में सभी विकेट खोकर 111 रन ही बना सकी और जीत से मीलों 74 रन दूर रह गयी. अक्षर पटेल ने तीन और हर्शल पटेल ने दो विकेट लिए.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 185 रनों का लक्ष्य रखा. इस मैच के जरिए भारत ने दिखाया कि उसके पुछल्ले भी बैटिंग में किसी से कम नहीं हैं. जहां कप्तान रोहित शर्मा (56) ने शुरुआत एक एक छोर पर उम्दा बल्लेबाजी की, तो आखिरी ओवरों में पुछल्ले हर्शल पटेल (18) और दीपक चाहर (नाबाद 21 रन) ने अच्छे हाथ दिखाते हुए भारत को वह स्कोर दिला दिया जो एक समय बनता नहीं ही दिख रहा था. यह तब दिख रहा था जब ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव दोनों के ही दहाई का आंकड़ा छूने में नाकाम रहने के बाद वेेंकटेश अय्यर (20) और श्रेयस अय्यर (25) भी लौट गए थे. लेकिन हर्शल पटेल और दीपक चाहर ने चौंकाते हुए आखिरी में ऐसे रन बटोरे, जो भारत के लिए निर्णायक भूमिका अदा कर सकते हैं. न्यूजीलैंड के लिए कार्यवाहक कप्तान सैंटनर ने तीन विकेट लिए.
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. दोनों देशों की वास्तविक इलेवन में भी बदलाव हैं. भारत ने केएल राहुल और अश्विन को आराम दिया है, तो इनकी जगह ईशान किशन और युजवेंद्र चहल टीम में आए हैं, तो सवाल यह है कि आवेश खान को मौका क्यों नहीं दिया गया? वहीं कीवी टीम में कार्यवाहक कप्तान टिम साऊदी की जगह फर्ग्युसन ने ली है. कप्तानी सैंटनर करेंगे. चलिए दोनों देशों की इलेवन पर भी नजर दौड़ा लें:
भारत: 1. रोहित शर्मा (कप्तान) 2. ईशान किशन 3.ऋतुराज गायकवाड़ 4. सूर्यकुमार यादव 5. श्रेयस अय्यर 6. वेंकटेश अय्यर 7. भुवनेश्वर कुमार 8. दीपक चाहर 9. युजवेंद्र चहल 10. अक्षर पटेल 11. हर्शल पटेल
न्यूजीलैंड: 1. मार्टिन गप्टिल 2. डारेल मिशेल 3. मार्क चैपमैन 4. ग्लेन फिलिप्स 5. टिम सीफर्ट 6. जिमी नीशाम 7. मिशेल सेंटनर (कप्तान) 8. एडम मिल्ने 9. लॉकी फर्ग्युसन 10. ईश सोढ़ी 11. ट्रेंट बोल्ट