भारतीय महिला टीम के नवी मुंबई में फाइनल में पहुंचते ही 1983 में ज़िंबाब्वे के ख़िलाफ़ भारत के 5 विकेट पर 17 रन से लेकर कपिल देव की 175 की नाबाद पारी और नैटवेस्ट फाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 5 विकेट पर 146 (सचिन तेंदुलकर का विकेट) से लेकर 326 के लक्ष्य का पीछा करते हुए मो. कैफ़ा (87 नॉट आउट) और युवराज सिंह (69 रन) की जोड़ी के यादें ताज़ा हो गईं. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ मुश्किल हालात में जेमाइमा रोड्रिगेज़ की नाबाद 127 रनों की पारी की ख़ासियत से लेकर जेमाइमा की ख़ास शख्सियत को लेकर कोच प्रशांत शेट्टी ने NDTV से EXCLUSIVE बात करते हुए स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन से उनके कई अनछुए पहलुओं पर रोशनी डाली.
सवाल: सबसे पहले तो ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ आपने जो जेमाइमा रोड्रिगेज़ की इनिंग देखी, लाइफटाइम इनिंग! इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैने ने 7-8 साल पहले कहा था कि जेमाइमा स्टार बनेंगी. आप जेमाइमा की इस कैसे कैसे देखते हैं?
जेमाइमा के कोच प्रशांत शेट्टी: देखिए, ये तो कमाल की यादगार पारी है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉक आउट में हमारा रिकॉर्ड पहले अच्छा नहीं रहा है. ऊपर से टीम बड़ा स्कोर का पीछा कर रही थी. फ़िज़ीकली, मेंटली, टैक्टिकली भी देखें तो ये बहुत ही मुश्किल लग रहा था. जेमी ने पहले 50 ओवर इंटेंस फील्डिंग की और फिर दूसरे-तीसरे ओवर में ही बैटिंग के लिए गईं. मतलब जेमी 97-98 ओवर तक बहुत ही इंटेंसिटी के साथ मैदान पर डटी रहीं. इससे ना सिर्फ़ महिला क्रिकेट को बल्कि किसी भी खेल के खिलाड़ी को प्रेरणा मिलेगी- अगर आप चाहते हो तो किसी भी डिफिकल्टी को मात दे सकते हो.
सवाल: जेमी की इस पारी को किससे तुलना कर सकते हैं?
कोच प्रशांत शेट्टी: देखिए, तुलना करना ठीक नहीं है. लेकिन, हाल ही में हमने T-20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली की जो पारी देखी थी (59 गेंदों पर 76 रन, 6 चौके, 2 छक्के), जिसमें कई बार लगा कि हम हार सकते हैं, कुछ वैसी पारी कह सकते हैं. लेकिन वो टी-20 था ये 50 ओवर है. अगर दोनों पर्सनैलिटी को देखें तो जिस तरह का एथलेटिसिज्म और दृढ़ता दोनों ने दिखाई- एक जैसी हो सकती है. लेकिन तुलना ठीक नहीं है.
सवाल:आप जेमी के साथ कब से हैं सर और जेमी से कभी ऐसी पारियों को लेकर कोई बात हुई?
कोच प्रशांत शेट्टी: मैं जेमी के साथ 9 सालों से हूं. हम हमेशा बात करते हैं कि ऐसे स्टेज पर ऐसी पारी खेलो कि दुनिया याद रखे. ICC टूर्नामेंट, बड़े-बड़े नॉक आउट टूर्नामेंट जैसे लेवल पर शानदार प्रदर्शन को लेकर बातें होती हैं. उसने ऐसी पारी ही खेलकर दिखाई है. एक बड़ा मौक़ा और बाक़ी है.
सवाल: सेमीफ़ाइनल के बाद जेमी ने क्या कहा?
कोच प्रशांत शेट्टी: वो बहुत खुश थी. हम ऑस्ट्रेलिया से कई बार हारे हैं. लेकिन इस मैच में हम ओवर द लाइन गए तो वो बेहद खुश थी.
सवाल: वो कमाल की टीममैन नज़र आती हैं, उन्होंने एंक्ज़ाइटी की बात भी की, रोने भी लगीं....
कोच प्रशांत शेट्टी: उसने मुझे भी थैंक यू कहा. हम इसी मोमेंट के लिए तो पूरी ज़िन्दगी खेलते हैं. इसी लम्हे की तैयारी करते हैं. कल जो रोईं वो तो खुशी के आंसू थे..
सवाल: उसने नंबर 3 को लेकर बड़ा बयान दिया. उसने ये भी कहा कि उसे 5 मिनट पहले पता चला कि नंबर 3 पर जाना है. आप इसे कैसे देखते हैं?
कोच प्रशांत शेट्टी: मुझे लगता है 3 नंबर ही उसके लिए सही पोज़िशन है. वनडे और टी-20 में, मुझे निजी तौर पर लगता है कि नंबर 3 ही उसकी सही पोज़िशन है. क्योंकि वहां गेम कंट्रोल कर सकती है. हां, टेस्ट मैच में वो नंबर 4 पर जा सकती है.
सवाल: जेमी तो सोशल मीडिया क्वीन भी हैं. क्रिकेट के अलावा गाने गाती हैं, डांस करती हैं, गिटार बढ़िया बजाती हैं. ऐसी उनमें और क्या अलग बात है?
कोच प्रशांत शेट्टी: वो कमाल की शख्सियत हैं, शानदार ह्यूमन बीइंग. मैदान पर भी जाएंगी तो माली से लेकर सपोर्ट स्टाफ को हर बार थैंक यू ज़रूर बोलेंगी. कभी उसको देखकर नहीं लगता कि वो इंडिया की इतनी बड़ी क्रिकेटर हैं. यही उसकी सबसे अच्छी क्वालिटी है. और उसके अंदर जो भूख और जुनून है उसकी वजह से वो ऐसा खेलती है.
सवाल: इस वर्ल्ड कप को लेकर क्या उन्होंने कुछ अलग तैयारी भी की?
कोच प्रशांत शेट्टी: सिचुएशनल अवेयरनेस (किन हालात में कैसे बैटिंग करें) के लिहाज़ से हमने नंबर 5 और नंबर 3 दोनों के लिए प्रैक्टिस की थी. ये भी अभ्यास किया था कि अगर जल्दी विकेट गिर गये तो नई गेंद का सामना करना पड़ सकता है. इसका फ़ायदा ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ मैच में हुआ जहां उन्हें दूसरे ओवर में ही मैदान पर उतरना पड़ गया. उसने फिनिशर की भी प्रैक्टिस की और पावर प्ले की भी प्रैक्टिस की. हम हर सिचुएशन के लिए मेंटली तैयार थे.
सवाल: कुछ एक्स्ट्रा मेहनत, एक्स्ट्रा स्ट्रगल?
कोच प्रशांत शेट्टी: उसे जो रूटिन है तो फॉलो करती ही है. जिम जाती है और फिर प्रैक्टिस करती है. और, ये लगातार करती है.
सवाल: आपने जेमी का साथ ख़िताब को लेकर विज़ुअलाइज़ किया है?
कोच प्रशांत शेट्टी: बिल्कुल. हमने चैंपियन बनने को लेकर विज़ुअलाइज़ किया है. महिला क्रिकेट को लेकर पहले से ही बदलाव हो रहा है. WPL और बीसीसीआई की कोशिशों की वजह से महिला क्रिकेट को तवज्जो मिल रही है. वर्ल्ड चैंपियन बने तो महिला क्रिकेट ज़रूर बदल जाएगी.
सवाल: फाइनल के लिए आपने जेमी से कुछ कहा है?
कोच प्रशांत शेट्टी: कुछ भी नहीं. सिर्फ़ आल द बेस्ट! कभी-कभी कुछ ना कहो तो अच्छा रहता है. वो इंडिया की एक प्लेयर है और उनकी टीम एक फैमिली की तरह है. तो जो ज़रूरत होगी वो उसके मुताबिक खेल लेगी.
यह भी पढ़ें: INDW vs SAW Final: भारत या दक्षिण अफ्रीका, अगर बारिश के कारण रद्द हुआ फाइनल को कौन बनेगा चैंपियन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं