हर्ष दुबे और पार्थ रेखाड़े के पांच-पांच विकेट की बदौलत विदर्भ ने बुधवार को नागपुर में रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए मुकाबले में मध्य प्रदेश पर पारी और 20 रन से शानदार जीत दर्ज की. भारतीय स्पिनर हर्ष दुबे ने पहली पारी में 45 रन देकर नौ विकेट झटके थे. उन्होंने दूसरी पारी में भी अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए 37 रन देकर पांच विकेट हासिल किए. इस तरह उन्होंने मैच में कुल 14 विकेट अपने नाम किए. मध्य प्रदेश की दूसरी पारी महज 105 रन पर सिमट गई.
वहीं, पार्थ रेखाड़े ने केवल सात ओवर में 14 रन देकर पांच विकेट चटकाए. विदर्भ ने तीन दिन के भीतर ही मुकाबला अपने नाम कर बोनस अंक भी हासिल किया. दो बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन विदर्भ इस जीत के साथ ग्रुप ए की अंक तालिका में टॉप स्थान पर पहुंच गई है. पहले दौर के चार मैच में उसके कुल 26 अंक हो गए हैं. वहीं मेजबान गोवा ने भी बिहार को पारी और 177 रन से हराकर बोनस अंक के साथ जीत दर्ज की.
गोवा ने भी तीन दिन के भीतर समाप्त किया मैच
गोवा ने यह मुकाबला भी तीन दिन के भीतर समाप्त कर दिया. गोवा ने पहली पारी में 397 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और बिहार को पहली पारी में नौ विकेट पर 107 रन के स्कोर पर रोक दिया. इसके बाद ललित यादव की अगुवाई वाली गोवा की गेंदबाजी ने बिहार की दूसरी पारी को महज 113 रन पर समेट दिया.
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश ने बड़ौदा के 355 रन के जवाब में आठ विकेट पर 455 रन बना लिए हैं. इस तरह उसे 100 रन की बढ़त हासिल हो गई है. मुकाबले के ड्रॉ होने की संभावना है और पहली पारी में बढ़त के आधार पर मेजबान टीम को अंक मिलेंगे.
इसी तरह जम्मू-कश्मीर भी पुडुचेरी के खिलाफ पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल करने की स्थिति में है. पुडुचेरी के 385 रन के जवाब में जम्मू-कश्मीर ने एक दिन का खेल शेष रहते पांच विकेट पर 491 रन बना लिए थे. उसे 106 रन की बढ़त हासिल हो चुकी थी.
यह भी पढ़ें- हॉकी के दिग्गज ने 46 साल से संभालकर रखा था ओलंपिक गोल्ड, एक रात में ले उड़े चोर
यह भी पढ़ें- VIDEO: हरियाणा के छोटे से कस्बे की बेटी ने मिस्र में रचा इतिहास, घर लौटी तो स्वागत के लिए उमड़ा पूरा गांव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं