ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बैटिंग कोच ग्रीम हिक ने उस्मान ख्वाजा के उस चौंकाने वाले खुलासे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2018 के 'सैंडपेपर गेट' कांड की जानकारी सभी लोगों को थी. हिक ने कहा, "ख्वाजा जो इशारा कर रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है." अपनी किताब 'सब्र' के रिलीज होने से तीन दिन पहले - जिसमें 2018 के 'सैंडपेपर गेट' की घटनाओं का जिक्र है - ख्वाजा ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि केपटाउन टेस्ट में सैंडपेपर वाली साजिश के बारे में पूरी टीम को पता था.इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि उस वस्तु का इस्तेमाल उससे पिछले टेस्ट मैच के दौरान भी किया गया था.
2016 से 2020 तक ऑस्ट्रेलिया के बैटिंग कोच रहे हिक ने 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' से कहा,"मैंने कोचों को लेकर दिए गए कई बयान देखे हैं और मैं उनके इतने व्यापक (सबको लपेट लेने वाले) स्वरूप से बहुत निराश हूं. ख्वाजा सीधे तौर पर कहते हैं,'हम सब इसमें शामिल थे. सिर्फ बल्लेबाज, गेंदबाज या स्टाफ ही नहीं, बल्कि हम सभी'."
अब तक लोगों के बीच यही बात मानी जाती थी कि इसमें तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट शामिल थे, और बैनक्रॉफ्ट ने ही गेंद पर वह वस्तु लगाई थी. स्मिथ और वॉर्नर पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट खेलने से एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था.
इसके अलावा, स्मिथ से कहा गया था कि वह दो साल तक ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी नहीं कर सकते. वॉर्नर पर अंतरराष्ट्रीय और ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट में कप्तानी करने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसे बाद में 2024 में हटा दिया गया.
हिक ने आगे कहा,"मेरी नजर में ख्वाजा जो इशारा कर रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है. पोर्ट एलिजाबेथ या केपटाउन में बॉल टैम्परिंग को लेकर हुई किसी भी चर्चा के बारे में, मैं पूरी ईमानदारी से कह सकता हूं कि मैंने कुछ भी नहीं सुना और मुझे कुछ भी पता नहीं था." उन्होंने कहा,"मुझे इस बारे में पहली बार तब पता चला - जैसा कि कई अन्य लोगों को भी पता चला - जब केपटाउन में यह बात बड़ी स्क्रीन पर दिखाई गई.उस समय मैं बाहर बालकनी में बैठा हुआ था.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ख्वाजा के इन सनसनीखेज दावों के बाद टेस्ट कप्तान पैट कमिंस के पहली बार सार्वजनिक रूप से बोलने की उम्मीद है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
(इनपुट-आईएएनएस)
यह भी पढ़ें: काव्या मारन बनीं अनिरुद्ध रविचंदर की दुल्हन, शादी की पहली फोटो ने जीता दिल
यह भी पढ़ें: 'हमेशा के लिए साथ...' अर्शदीप सिंह ने गर्लफ्रेंड समरीन कौर से की सगाई, शेयर की रोमांटिक तस्वीरें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं