Update on Ayush Mhatre: चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण चल रहे आईपीएल सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं, जिससे पांच बार की चैंपियन टीम को एक बड़ा झटका लगा है. फ्रैंचाइजी ने बताया कि म्हात्रे, जिन्हें 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ CSK के पिछले मैच के दौरान चोट लगी थी, उन्हें ठीक होने के लिए 6 से 12 हफ़्तों के रिहैबिलिटेशन की जरूरत होगी. सीएसके ने आयुष म्हात्रे को लेकर बयान दिया और कहा, "आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय लगी बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं.आयुष की चोट को ठीक होने में 6-12 हफ़्तों का समय लगेगा."
18 साल के इस खिलाड़ी को इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतारा गया था. हैदराबाद में SRH के खिलाफ 10 रनों की हार के दौरान, रन लेने की कोशिश करते समय उन्हें साफ तौर पर तकलीफ में देखा गया और उन्होंने अपनी हैमस्ट्रिंग पकड़ ली थी.
उन्हें मैदान पर ही इलाज की जरूरत पड़ी और हालांकि उन्होंने थोड़ी देर खेलना जारी रखा, लेकिन जल्द ही आउट हो गए. सीएसके के बैटिंग कोच माइक हसी ने मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "दुर्भाग्य से, यह चोट काफ़ी गंभीर लग रही है. और उनका बाहर होना हमारे लिए एक बहुत बड़ा नुकसान होगा, क्योंकि वह हमारे लिए बहुत अच्छी लय में थे," सीएसके के बैटिंग कोच माइक हसी ने मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था.
म्हात्रे इस सीजन में सीएसके के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं, उन्होंने 6 मैचों में 177.87 के स्ट्राइक-रेट से कुल 201 रन बनाए हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 2026 सीजन की शुरुआत काफ़ी खराब रही है, वे अपने छह में से 4 मैच हारकर पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर खिसक गए हैं.
अब आयुष म्हात्रे की जगह कौन
अब सबसे बड़ा सवाल है कि आयुष म्हात्रे की जगह किस खिलाड़ी को मौका मिल सकता है. दावेदारों में यश ढुल, स्वास्तिक चिकारा और मयंक अग्रवाल दावेदार है. चेन्नई सुपरकिंग्स ने हाल ही युवा खिलाड़ियों को टीम में रखने की योजना बनाई है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यश ढुल या फिर स्वास्तिक चिकारा को टीम में शामिल किया जा सकता है.
स्वास्तिक चिकारा सबसे आगे
दाएं हाथ के स्वास्तिक चिकारा ने हाल ही में अयोध्या प्रीमियर लीग के एक मैच में 69 गेंदों में 195 रन बनाए थे. इस मैच में चिकारा ने 21 छक्के लगाए थे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी सीएसके को फायदा पहुंचा सकती है. स्वास्तिक चिकारा यूपी के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं. पिछले सीजन वो आरसीबी का हिस्सा थे लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं