विज्ञापन

'मैंने नहीं कहा कि एक सिंगल ले ले यार, मैं 100 बनाता हूं'- धोनी की विरासत संभाल रहे संजू, गावस्कर-सहवाग ने की जमकर तारीफ़

CSK vs DC IPL 2026 Sanju Samson: संजू सैमसन कमाल के मैचविनर हैं. केरल के सुपरस्टार चेन्नई एक्सप्रेस ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर आईपीएल टी-20 के हर फॉर्मैट में ये बात कई बार और बार-बार साबित करते रहे हैं.

'मैंने नहीं कहा कि एक सिंगल ले ले यार, मैं 100 बनाता हूं'- धोनी की विरासत संभाल रहे संजू, गावस्कर-सहवाग ने की जमकर तारीफ़
Sanju Samson MS Dhoni Chennai Super Kings

संजू सैमसन कमाल के मैचविनर हैं. चेन्नई एक्सप्रेस पर सवार केरल के सुपरस्टार ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक, ये बात कई बार साबित कीी है. दिल्ली के ख़िलाफ़ मुश्किल पिच पर, जहां बल्ले पर गेंद ठीक से नहीं आ रही थी, संजू सैमसन (52 गेंदों पर 87* रन) ने अपनी क्लास दिखायी और कार्तिक शर्मा (31 गेंदों पर 41* रन) के साथ 114 रनों की नाबाद साझेदारी कर पांच बार की चैंपियन को अहम जीत दिलाई. 

दिल्ली की मुश्किल पिच पर दिल्ली के ख़िलाफ़ संजू सैमसन ने 52 गेंदों पर 168 के स्ट्राइक रेट से 7 चौके 6 छक्के लगाकर नाबाद 87 रन बनाए. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल तक ने संजू सैमसन की तारीफ़ करते हुए कहा, “इस पिच पर 155 ठीक स्कोर लग रहा था, लेकिन हमें लगा कि हम तकरीबन 15 रन कम बना सके. बाद में पिच थोड़ा बेहतर हुआ होगा. लेकिन जिस तरह से बैट्समेन सेट हो गये (संजू सैमसन- कार्तिक शर्मा) लगा कि पिच पर ज़्यादा कुछ नहीं है. बाद में संजू ने जैसे सेट होकर अपनी टीम को जीत तक ले गये वो सबने देखा.”

‘मैंने नहीं कहा कि एक सिंगल ले ले यार, मैं 100 बनाता हूं'

मैच के बाद संजू सैसमन ने हर्षा भोगले के साथ इंटरव्यू के दौरान स्टार स्पोर्ट्स पर कहा,"100 हमेशा स्पेशल होता है सर. लेकिन सेंचुरी के लिए मुझे थोड़ा सेल्फ़िश होना होता. मैंने नहीं कहा कि सिंगल ले ले यार, मैं सेंचुरी बनाता हूं. मैंने सोचा टीम के लिए मैच जीत लूं." संजू ने इस सीज़न IPL में 2 शतकीय पारियां खेली हैं. संजू ने 168 के स्ट्राइक रेट से 2 शतक और 1 अर्द्धशतक के सहारे 402 रन बनाये हैं और ज़बरदस्त मैचविनर साबित हुए हैं.

गावस्कर-सहवाग ने सराहा

स्टार स्पोर्ट्स पर सुनील गावस्कर कहते हैं,“सब्र का फल बहुत-बहुत मीठा हो ता है. जैसा कि वीरू ने कहा कि संजू सैमसन सेट हो गये तब जाकर रन बनाये. कार्तिक शर्मा ने आखिर में छक्के नहीं लगाये होते तो संजू सेंचुरी भी पूरी कर लेते. लेकिन वो टीम के लिए खेले.” 

जबकि वीरेन्द्र सहवाग कहते हैं,"संजू पके-पकाये शॉट्स खेल रहे थे. उन्होंने फ़ैसला कर लिया था कि उनके एरिया में जब गेंद आयेंगी तभी वो शॉट्स लगायेंगे. पिछले कुछ साल में उनके गेम की समझ बेहतर हो गई है."

पूर्व कप्तान और कॉमेन्टेटर सुनील गावस्कर और वीरेन्द्र सहवाग समेत कई दिग्गज संजू सैमसन के रवैये की ज़बरदस्त तारीफ़ कर रहे हैं. सभी उनके टेम्परामेंट, टीम भावना और टीम के लिए सेट होकर गेम खेलने के रवैये के कायल नज़र आ रहे हैं.  

संजू सैमसन खेल रहे हैं क्लासवाली पारी 

पूर्व कप्तान और कॉमेन्टेटर सुनील गावस्कर कहते हैं,"वर्ल्ड कप के पहले उनकी जगह नहीं बन रही थी. लेकिन जब उनपर कॉन्फ़िडेंस दिखाया गया तो वो अपने स्ट्राइड से खेलने लगे. वो सीधे बल्ले से शॉट्स खेलते हैं. जब आपका आत्मविश्वास बढ़ता है तो फिर पावरप्ले हो या आख़िर में खेलें फ़र्क नहीं पड़ता." सहवाग कहते हैं,"वो खड़े-खड़े छक्के लगाते हैं तो गेंदबाज़ के लिए ये सोचना मुश्किल हो जाता है कि वो कहां गेंद डालें. खड़े-खड़े छक्के लगाना उनकी स्ट्रेंथ है."

प्लेऑफ़ की रेस में चेन्नई बरक़रार

टूर्नामेंट के पहले लगातार तीन मैचों में हार के साथ शुरुआत करनेवाली चेन्नई ने दिल्ली को हराकार 10 मैचों में 10 अंक हासिल कर लिये हैं और वो अचानक प्लेऑफ़ की रेस में शामिल हो गई है. 

2026 टी-20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन की सेमीप़ाइनल और फ़ाइनल की पारियां हमेशा के लिए यादगार बन गई हैं. 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में उन्हें थोड़ी देर से मौक़ा मिला, लेकिन जब मौक़ा मिला तो उन्होंने उसका दुरुस्त फ़ायदा उठाया. दरअसल 2024 T20 वर्ल्ड कप के बाद से संजू सैमसन का रोल काफी बदल गया है. 2024 वर्ल्ड कप में वो बैकअप कीपर-बैटर थे, लेकिन उसके बाद टीम इंडिया में उन्हें बतौर ओपनर/टॉप ऑर्डर T20I बैटर प्रमोट किया गया. 

संजू के बदौलत उनकी चेन्नई टीम की रंगत भी बदल गई है. आईपीएल पिछले सीज़न चेन्नई ने 14 में से सिर्फ़ 4 मैच जीते थे और वो 10वें नंबर पर रही थी. चेन्नई के लिए पूर्व कप्तान एमएस धोनी की विरासत को लेकर सवाल उठते रहे हैं. धोनी ने इस सीज़न अबतक मैदान पर कदम नहीं रखा है. लेकिन बतौर कप्तान नहीं  बल्कि लीडर की तरह संजू सैमसन धोनी की विरासत को बखूबी संभालते रहे हैं.

यह भी पढ़ें: IPL 2026 Points Table: जीत भी नहीं बदल पाई CSK की स्थिति, दिल्ली की बढ़ी मुश्किलें, ऐसा है प्लेऑफ का समीकरण

यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'जब उनकी टीम लगातार हार रही थी...' रोहित शर्मा की वापसी पर हरभजन का बड़ा बयान हुआ वायरल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com