Gautam Gambhir Angry on Sanju Samson IND vs NAM: नामीबिया के खिलाफ टीम इंडिया ने 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है. इस पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा की अनुपस्थिति में संजू सैमसन ने बतौर ओपनर विस्फोटक अंदाज में की, लेकिन उनके आउट होने के तरीके ने एक बार फिर उनके 'शॉट सिलेक्शन' पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अभिषेक शर्मा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिला. संजू ने आते ही नामीबियाई गेंदबाजों पर धावा बोल दिया.
संजू ने मात्र 8 गेंदों में 22 रन कूट डाले, जिसमें 3 गगनचुंबी छक्के और 1 शानदार चौका शामिल था. संजू जिस लय में दिख रहे थे, लग रहा था कि आज एक बड़ी पारी आएगी.
जल्दबाजी पड़ी भारी नाराज दिखे कोच गंभीर
सैमसन ने छक्कों की हैट्रिक के बाद एक और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे. उनके इस गैर-जिम्मेदाराना शॉट पर कमेंट्री कर रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, "संजू ने आज फिर वही पुरानी गलती दोहराई, वो बहुत ज्यादा जल्दी में दिखे और अपना विकेट गिफ्ट कर दिया."

संजू के आउट होने के बाद डगआउट में बैठे कोच गौतम गंभीर के चेहरे पर भारी निराशा दिखी. गंभीर का सिर पकड़कर बैठने वाला रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. माना जा रहा है कि गंभीर संजू की इस आक्रामक शुरुआत को एक बड़ी पारी में बदलते देखना चाहते थे, न कि इस तरह विकेट फेंकते हुए.
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने ईशान किशन (61) और हार्दिक पंड्या (52) की शानदार पारियों के दम पर 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. विपक्षी खेमे से गेरहार्ड इरासमस ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले. बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज ने 1-1 विकेट हासिल किया.
इसके जवाब में नामीबियाई टीम 18.2 ओवरों में सिर्फ 116 रन पर सिमट गई. इस टीम के लिए लौरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि जान फ्रीलिंक ने 22 रन का योगदान दिया. भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने महज 7 रन देकर 3 विकेट निकाले. हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता हाथ लगी. अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट हासिल किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं