ऑस्ट्रेलियाई स्टार बल्लेबाज क्रिस लिन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार उनके शरीर में कोकीन के इस्तेमाल के सबूत मिले हैं. जिसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के नियमों की निगरानी करने वाली संस्था ने उन पर एक महीने का प्रतिबंध लगा दिया है. लिन के शरीर की जांच 18 जुलाई को हुई थी. क्योंकि उन्हें टी20 ब्लास्ट के फाइनल मुकाबले में शिरकत करनी थी. जहां टेस्ट में कोकीन पाए जाने के सबूत मिले. लिन ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की तरफ से मिलने वाली सजा का विरोध नहीं किया है. उन्होंने एक महीने के प्रतिबंध को स्वीकार कर लिया है.
क्रिस लिन ने आठ साल से नहीं खेला है इंटरनेशनल मुकाबला
क्रिस लिन पिछले आठ साल से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए जोर लगा रहे हैं. पिछली बार उन्हें ऑस्ट्रेलिया की तरफ से साल 2018 में भारत के खिलाफ मौका मिला था. 25 नवंबर को सिडनी में खेले गए इस टी20 मुकाबले में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए वह महज 13 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए थे. बुमराह ने उन्हें रन आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया था.
दुनिया भर के कई लीग में नजर आते हैं लिन
क्रिस लिन को जरूर ऑस्ट्रेलियाई टीम में मौका नहीं मिल रहा है. मगर वह अब भी क्रिकेट के मैदान में सक्रिय हैं. उन्हें दुनिया भर के लीग में शिरकत करते हुए देखा जाता है. जिसमें बिग बैश लीग, इंटरनेशनल लीग टी20, नेपाल प्रीमियर लीग और टी20 ब्लास्ट जैसे लीग प्रमुख हैं.
क्रिस लिन का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
खबर लिखे जाने तक क्रिस लिन ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कुल चार वनडे और 18 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने में कामयाब हुए हैं. इस बीच उनके बल्ले से वनडे की पार पारियों में 18.75 की औसत से 75 और टी20 की 16 पारियों में 19.40 की औसत से 291 रन निकले हैं.
यह भी पढ़ें- अंशुल कंबोज पर फिदा हुए इरफान पठान, बोले- वर्ल्ड कप 2027 में जगह बनाने का रखते हैं दम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं