भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज इरफान पठान ने वर्ल्ड कप 2027 के लिए अंशुल कंबोज का समर्थन किया है. उनका मानना है कि हरियाणा के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज को संभावित टीम में मौका मिलना चाहिए. पठान ने कंबोज की सराहना करते हुए कहा, 'वह निश्चित तौर पर उन गेंदबाजों में से एक होगा. टेस्ट मैच के दौरान जो हुआ उसे हमें समझना होगा. यात्रा करने के तुरंत बाद टेस्ट मैच खेलना आसान नहीं होता है.'
वहीं डेथ ओवरों में अंशुल कंबोज के गेंदबाजी प्रदर्शन से भी पठान काफी प्रभावित हैं. उन्होंने कहा, 'अगर वह इसी तरह प्रदर्शन करते रहे तो किसी को आश्चर्य नहीं होगा. चयनकर्ताओं को उन्हें वर्ल्ड कप के संभावित दावेदारों में शामिल करने के लिए उनके बारे में सोचना पड़ेगा. वह निश्चित तौर पर उन खिलाड़ियों में से एक हैं.'
पहले वनडे में बेहद खतरनाक दिखे अंशुल कंबोज
अंशुल कंबोज को लेकर पठान की प्रतिक्रिया पहले वनडे मुकाबले के बाद आई है. ईडन पार्क में गेंदबाजी करते हुए अंशुल एक अलग ही अंदाज में नजर आए. टीम के लिए उन्होंने कुल 10 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 2.22 की इकॉनमी से 22 रन खर्च करते हुए दो विकेट चटकाने में कामयाब हुए थे. उनके शिकार विपक्षी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर (04) के अलावा नाथन स्मिथ बने थे.
अंशुल कंबोज का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
अंशुल कंबोज ने भारत की तरफ से खबर लिखे जाने तक कुल एक टेस्ट और दो वनडे मुकाबले खेले हैं. जहां उनको टेस्ट की एक पारी में 89.00 की औसत से एक और वनडे की दो पारी में 52.00 की औसत से दो सफलता हाथ लगी है.
वहीं बात करें बल्लेबाजी प्रदर्शन के बारे में तो वह टेस्ट में एक भी रन नहीं बना पाए हैं. वहीं वनडे की एक पारी में उनके बल्ले से 17.00 की औसत से 17 रन निकले हैं.
यह भी पढ़ें- IPL 2027: CSK में जाते ही लिविंगस्टोन को 7 करोड़ का हुआ नुकसान, 4 खिलाड़ियों की बदली टीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं