वित्त मंत्री अरुण जेटली (फाइल फोटो)
मुंबई: वित्त मंत्री अरुण जेटली को उम्मीद है कि 8-10 फीसदी की विकास दर पहुंच के अंदर है। उन्होंने बेहतर मॉनसून की वजह से महंगाई पर भी काबू पाने का भरोसा दिया। मुंबई में नाबार्ड के एक कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने ये बातें कहीं।
वैसे जुलाई के पहले हफ्ते में बारिश सामान्य से 51% कम हुई है, लेकिन पूरे मॉनसून सीजन में अबतक सामान्य से 4% कम बारिश हुई है। 70% खरीफ फसल की बुआई का इंतज़ार अभी बाकी है, फिर भी देश के वित्त मंत्री आस से भरे हैं। उनका मानना है कि बारिश अच्छी होगी और देश तरक्की के नए आंकड़े हासिल करेगा।
जेटली ने कहा, ऐसा लगता है कि इस साल इंद्रदेव हमारे ऊपर मेहरबान रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग को देश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तिलहन और दलहनों की पैदावार बढ़ेगी जो फिलहाल मुद्रास्फीति के लिहाज से चिंता का कारण है।
जेटली ने यह भी कहा कि कर राजस्व बढ़ने एवं वृहद आर्थिक बुनियादी स्थिति सुधरने से अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी और 8-10 प्रतिशत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर पहुंच के दायरे से बाहर नहीं है।
नाबार्ड के कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने टैक्स वसूली में भी इज़ाफे की उम्मीद जताई, महंगाई काबू में रखने के नाम पर अपनी पीठ भी थपथपाई और जाते-जाते यह भी कह गए कि ग्रीस के साथ साथ पूरी दुनिया आर्थिक मोर्चे पर लड़ रही है, इसलिए भारत के सामने भी बड़ी चुनौती है।