विज्ञापन

'भारत में AI की जंग देसी कंपनियां ही जीतेंगी', Peak XV के राजन आनंदन ने बताया पूरा गेमप्लान

पीक XV के मैनेजिंग डायरेक्टर राजन आनंदन का मानना है कि भारत के AI मार्केट में असली कामयाबी स्वदेशी कंपनियों को ही मिलेगी. देश में तेजी से बढ़ता GPU इंफ्रास्ट्रक्चर, छोटे-सस्ते 'देसी AI मॉडल' और वॉयस AI में हमारी बढ़त भारत को ग्लोबल रेस में सबसे आगे खड़ा करेगी.

'भारत में AI की जंग देसी कंपनियां ही जीतेंगी', Peak XV के राजन आनंदन ने बताया पूरा गेमप्लान
भारत की AI रेस कौन जीतेगा? पीक XV के राजन आनंदन ने बताया
NDTV

भले ही भारत में अभी तक NVIDIA, OpenAI या Anthropic जैसी कोई बड़ी AI कंपनी नहीं है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हम ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की रेस में पीछे छूट गए हैं. पीक XV के मैनेजिंग डायरेक्टर राजन आनंदन का मानना ​​है कि भारत के AI मार्केट में असली कामयाबी भारत की अपनी देसी कंपनियों को ही मिलेगी.

'वॉक द टॉक' में कही खास बातें

NDTV के खास शो 'वॉक द टॉक' में NDTV के CEO और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल से बातचीत के दौरान आनंदन ने कहा कि भारत के पास AI की दुनिया में छा जाने का शानदार मौका है. हालांकि, हमारा तरीका अमेरिका और चीन से काफी अलग होगा. उन्होंने साफ कहा, 'भारत में AI की जंग हमारी अपनी कंपनियां ही जीतेंगी.'

पहले क्या थी परेशानी और अब क्या बदला?

कुछ समय पहले तक भारत के सामने सबसे बड़ी समस्या 'कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर' यानी मशीनी ढांचे की कमी थी. आनंदन ने बताया कि 2025 के आखिर तक हमारे पास 10,000 से भी कम एक्टिव GPU थे. इस वजह से बड़े AI मॉडल तैयार करने में काफी दिक्कत आती थी.

लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है. 2026 के शुरुआती छह महीनों में ही AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करने के लिए 300 बिलियन डॉलर से ज्यादा का ऐलान किया गया है. इसमें भारत की बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां, ग्लोबल क्लाउड कंपनियां और घरेलू डेटा-सेंटर चलाने वाले शामिल हैं.

जल्द 10 गुना बढ़ेगी भारत की ताकत

आनंदन को उम्मीद है कि आने वाले कुछ ही महीनों में भारत की एक्टिव GPU क्षमता 1 लाख को पार कर जाएगी, जो कि सीधे 10 गुना की छलांग है. बिजली सस्ती होने और राज्य सरकारों के डेटा-सेंटर में निवेश को बढ़ावा देने से भारत दुनिया भर के लिए एक बड़ा 'कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर' हब बन सकता है.

भारत के अपने 'देसी AI मॉडल'

भारत की AI ताकत का दूसरा बड़ा पिलर हमारे अपने देसी मॉडल हैं. आनंदन ने फरवरी में 'सर्वम AI' के लॉन्च हुए मॉडल्स का जिक्र किया. इसके बाद IIT बॉम्बे के 'भारतचेन'समेत कई और भारतीय कंपनियों ने भी अपने शानदार मॉडल उतारे हैं.

जहां अमेरिकी कंपनियां बहुत बड़े मॉडल बनाने में पानी की तरह पैसा बहा रही हैं, वहीं भारतीय कंपनियां छोटे और काम के मॉडल बनाने पर ध्यान दे रही हैं. ये मॉडल सस्ते होते हैं और बिजनेस के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होते हैं. 100 अरब पैरामीटर वाले मॉडल से ज्यादातर कंपनियों का काम आसानी और कम खर्च में हो जाता है.

वॉयस AI और स्टार्टअप्स में हम आगे

आनंदन ने बताया कि वॉयस AI के मामले में भारतीय कंपनियां काफी आगे हैं. भारत में कई भाषाएं बोली जाती हैं और यहां शोर-शराबा भी ज्यादा होता है, ऐसे में सस्ते और सटीक वॉयस AI की बहुत मांग है.

भारत में अमेरिका के मुकाबले कंज्यूमर AI स्टार्टअप भी ज्यादा हैं. एजुकेशन, हेल्थकेयर, ट्रैवल और एंटरटेनमेंट जैसे सेक्टर में कई नए बिज़नेस तेजी से उभर रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Peak XV, AI, Ai In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com