दुनियाभर में सर्विस आउटेज का सामना कर रही Microsoft अपनी सर्विसेज में अब तक सुधार नहीं कर पाई है. कंपनी ने जो शुरुआती प्रयास किए हैं, वो सफल साबित नहीं हुए हैं. इस बीच लाखों यूजर्स को Microsoft 365 की कई सेवाओं में परेशानी का सामना कर रहे हैं.
माइक्रोसॉफ्ट ने स्वीकार किया कि समस्या को ठीक करने के लिए किए गए शुरुआती उपाय उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं. कंपनी अब सर्विस की क्षमता बढ़ाने के लिए दूसरे विकल्प तलाश रही है.
उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे उपाय
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि उसने सर्विस को बेहतर बनाने के लिए लागू किए गए बदलावों की निगरानी की है. हालांकि, ये बदलाव उम्मीद के मुताबिक असर नहीं दिखा रहे हैं.
कंपनी ने कहा, 'लगातार बने ट्रैफिक मैनेजमेंट असंतुलन के बीच क्षमता बढ़ाने के लिए हम दूसरे विकल्पों की पहचान कर रहे हैं.'
Outlook और ईमेल सेवाओं पर सबसे ज्यादा असर
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, यूजर्स को Microsoft 365 की कई सेवाओं से जुड़ने में परेशानी हो सकती है. खासतौर पर Exchange Online और ईमेल से जुड़ी सुविधाएं प्रभावित हुई हैं.
Exchange Online यूजर्स Outlook के वेब वर्जन, डेस्कटॉप ऐप, Exchange ActiveSync या REST आधारित कनेक्शन के जरिए अपना मेलबॉक्स एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं. इसके अलावा, ईमेल पहुंचने में देरी भी हो सकती है.
Microsoft 365 के एडमिन सेंटर के पेज भी लोड नहीं हो पा रहे हैं. वहीं, Microsoft 365 ऐप्स में यूजर्स को हाल में इस्तेमाल की गई फाइलें देखने में परेशानी हो सकती है.
Microsoft Copilot और Teams के फीचर भी प्रभावित
आउटेज का असर Microsoft Copilot 365 पर भी पड़ा है. यूजर्स Copilot Chat लोड नहीं कर पा रहे हैं या उन्हें सवालों के जवाब नहीं मिल रहे हैं. Copilot के कुछ फीचर ईमेल, कैलेंडर और फाइलों जैसे वर्क डेटा को भी एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं.
Microsoft Teams की मुख्य सुविधाएं, जैसे कॉल और मीटिंग में शामिल होना, ग्रुप चैट और चैनल मैसेजिंग, बड़े पैमाने पर प्रभावित नहीं हुई हैं. हालांकि, कैलेंडर से जुड़ी सेवाओं, लाइव या वर्चुअल इवेंट बनाने, Copilot के जवाब और कॉन्टैक्ट सिंक करने में दिक्कत आई है.
इन Microsoft सेवाओं पर भी पड़ा असर
कंपनी के मुताबिक, आउटेज से Microsoft की कई दूसरी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. इनमें शामिल हैं:
- Microsoft Defender for Office 365 और Defender XDR
- Microsoft Fabric और Microsoft Graph
- Microsoft Intune और Microsoft Planner
- Microsoft Purview और Microsoft To Do
- Power BI और SharePoint Online
- Universal Print और Windows 365
ट्रैफिक मैनेजमेंट में गड़बड़ी की जांच कर रही कंपनी
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वो लगातार बने ट्रैफिक मैनेजमेंट असंतुलन की जांच कर रही है. इसके तहत कंपनी ट्रैफिक के प्रवाह और प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा कर रही है, ताकि रूटिंग को बेहतर बनाने के तरीके खोजे जा सकें.
कंपनी का कहना है कि वो सर्विस में आई गड़बड़ियों की वजहों की पुष्टि कर रही है, जिससे स्थिरता बढ़ाने के लिए खास कदम उठाए जा सकें.फिलहाल कंपनी ने समस्या के पूरी तरह ठीक होने की पुष्टि नहीं की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं