विज्ञापन

प्रोफेशनल ई-मेल ठप, WhatsApp पर हो रही बिजनेस डील, Microsoft सर्विस 15 घंटे से बंद, जानें कब होगा ठीक

Microsoft 365 Global Outage Update: माइक्रोसॉफ्ट ने बताया है कि ठप पड़ी सर्विसेज को ठीक करने के लिए जारी किया गया पैच (Fix) अब काम करने लगा है. जानिए इन 15 घंटों के दौरान क्या-क्या हुआ.

प्रोफेशनल ई-मेल ठप, WhatsApp पर हो रही बिजनेस डील, Microsoft सर्विस 15 घंटे से बंद, जानें कब होगा ठीक
Microsoft सर्विस अभी तक नहीं हुई रीस्टोर
Unsplash

Microsoft की सर्विस डाउन होने की वजह से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है. कंपनी की कई सर्विसेज 15 घंटे से अधिक समय से डाउन है. जिसका असर प्रोफेशनल्स से लेकर एयरलाइन्स तक पर दिख रहा है. दुनियाभर के यूजर्स को Outlook, Teams और दूसरी जरूरी सर्विसेज का एक्सेस नहीं मिल पा रहा है. अब Microsoft ने घोषणा की है कि दुनिया भर में ठप पड़े Microsoft 365 की सेवाओं को सुधारने के लिए जारी किया गया उसका पैच आखिरकार काम करने लगा है.

अब सर्वर की स्थिरता को लेकर पॉजिटिव रिजल्ट्स मिल रहे हैं. हालांकि, सर्विसेज को पूरी तरह से पहले जैसा सामान्य होने में अभी थोड़ा समय और लग सकता है. अपने सर्विस हेल्थ पेज के ताजा अपडेट में कंपनी ने बताया कि उसने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर के एक हिस्से पर 'अपस्ट्रीम ऑथेंटिकेशन/रूटिंग कॉन्फिगरेशन कंपोनेंट पैच' लागू किया है. आसान शब्दों में समझें तो ये सुधार सीधे तौर पर इस बात को टारेगट करता है कि यूजर्स Microsoft के सर्वर से कैसे कनेक्ट होते हैं.

सर्विस रीस्टोर की अभी टाइमलाइन नहीं

कंपनी इस पैच की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और जैसे-जैसे प्रभावित क्षेत्रों के सर्वर्स वापस ऑनलाइन आ रहे हैं, वहां इसे लागू किया जा रहा है. हालांकि, सर्विसेज कब तक पूरी तरह बहाल हो पाएंगी, इसकी कोई तय टाइमलाइन अभी नहीं दी गई है.

आपको बता दें कि पहले कंपनी ने अपडेट जारी कर था कि उसे आउटेज को ठीक करने में थोड़ी सफलता मिल गई है. कंपनी ने कहा था कि क्षमता बढ़ाने के लिए वर्चुअल मशीनों को जोड़ा जा रहा था. इस बड़े संकट की शुरुआत गुरुवार रात करीब 11:30 बजे (IST) हुई थी, जब अमेरिका के यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई कि वे अपने Exchange Online मेलबॉक्स तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. जल्द ही Microsoft ने पुष्टि कर दी कि इसका असर दुनिया के किसी भी हिस्से के यूजर्स पर पड़ सकता है. इस आउटेज से प्रभावित होने वाली सर्विसेज में Exchange Online, Microsoft Teams, SharePoint Online, Microsoft 365 Copilot और Microsoft Defender XDR शामिल हैं. वहीं नॉर्मल यूजर्स की बात करें तो उन्हें Outlook.com, OneDrive, OneNote, Microsoft To Do और वेब आधारित Microsoft 365 को चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

शुरुआती जांच में Microsoft ने इसके पीछे इंफ्रास्ट्रक्चर पर अचानक बढ़े लोड को जिम्मेदार ठहराया था. हालांकि बाद में कंपनी ने साफ किया कि ट्रैफिक में कोई उछाल नहीं आया था, बल्कि कई मेन सर्वर्स ऑफलाइन चले गए थे, जिससे बाकी बचे सर्वर्स पर काम का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया. ये सर्वर्स ऑटोमैटिक हेल्थ चेक में बार-बार फेल हो रहे थे, और जैसे ही इंजीनियर्स कुछ सर्वर्स को ठीक करके वापस लाते, वे ट्रैफिक का लोड आते ही फिर से रिस्पॉन्ड करना बंद कर देते. एक समय पर कंपनी ने ये भी माना कि उसका सुधार पैच उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहा है. इसके बाद कंपनी ने सभी नए बदलावों को रोक दिया, ट्रैफिक को दूसरे ऑप्शनल रास्तों पर डायवर्ट किया और लोड कम करने के लिए कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में खास तरह के ट्रैफिक को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया.

साइबर अटैकर्स का नहीं है हाथ- Microsoft

Microsoft ने बार-बार साफ किया है कि इस भारी गड़बड़ी के पीछे किसी भी तरह के साइबर अटैकर्स का कोई हाथ नहीं है. कंपनी ने अपने स्टेटस अपडेट में कहा कि फिलहाल हमें ऐसी किसी भी संदिग्ध एक्टिविटी की जानकारी नहीं मिली है जिससे ये घटना हुई हो. कंपनी ने वादा किया है कि इस समस्या के पूरी तरह ठीक होने के बाद एक डिटेल्ड 'पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट' जारी की जाएगी, जिसमें इस खराबी की असली वजह और भविष्य में ऐसी गलतियों से बचने के सुधारों का पूरा ब्योरा होगा.

इस बड़े आउटेज का असर केवल दफ्तरों के इनबॉक्स तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है. भारत में IndiGo और Akasa Air जैसी बड़ी एयरलाइंस ने बताया कि उनकी ईमेल सपोर्ट सर्विसेज इससे प्रभावित हुई हैं. एआई क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों OpenAI और Anthropic ने भी Microsoft कनेक्टर्स में आ रही दिक्कतों की पुष्टि की. जापान में सरकारी ईमेल सेवाएं पूरी तरह बंद हो गईं, जिसके बाद वहां के डिजिटल मंत्री तोशिहारू फुरुकावा ने बताया कि अधिकारी काम चलाने के लिए सामान्य टेक्स्ट मैसेजेस का इस्तेमाल कर रहे हैं. जापान के अर्थव्यवस्था मंत्री रियोसी अकाजावा ने भी माना कि इस खराबी का देश पर बहुत बड़ा प्रभाव पड़ा है.

ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और फेडरल पुलिस भी इस आउटेज की चपेट में आए संगठनों में शामिल थे, और एक रिस्क एडवाइजरी फर्म ने ऑस्ट्रेलियाई व्यवसायों को इससे अरबों डॉलर के नुकसान का अनुमान लगाया है. ब्रिटेन में कई पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बजाय सीधे आपातकालीन नंबर 101 पर कॉल करने की अपील की, जबकि स्कूलों ने अभिभावकों को बच्चों की अनुपस्थिति की सूचना फोन कॉल के जरिए देने को कहा. सिंगापुर और ताइवान के बड़े व्यापारियों और फंड मैनेजर्स ने भी अपनी डील्स को पक्का करने के लिए सामान्य फोन कॉल्स और WhatsApp का सहारा लिया. फिलहाल यूजर्स को ऐप्स कनेक्ट करने में कुछ समय के लिए दिक्कत बनी रह सकती है, और सर्विसेज की बहाली धीरे-धीरे ही होगी. 

यह भी पढ़ें | Outlook से Teams तक डाउन, दुनियाभर में कोहराम, जानें Microsoft आउटेज ठीक होने में क्यों लग रहा इतना समय

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Microsoft, Microsoft 365, Microsoft Outage, Outlook, Apple
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com