McDonald's vs Home Food: जब लोग सेहत और स्वाद की बात करते हैं, तो ज्यादातर को घर का खाना ही अच्छा लगता है. आम धारणा भी यही है कि घर का बना खाना ही सबसे सेफ और सेहत के लिए बढ़िया होता है. लेकिन हाल ही में बड़ी फास्ट फूड कंपनी के बयान ने लोगों को चौंका दिया. दरअसल मैकडॉनल्ड्स इंडिया चलाने वाली कंपनी वेस्टलाइफ फूडवर्क्स के एमडी सौरभ कालरा ने कहा कि उनके बर्गर घर के खाने से भी ज्यादा सेहत के लिए अच्छे हो सकते हैं. इस बात के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स भी इस पर अपनी राय देने लगे. अब लोग ये सवाल पूछ रहे हैं कि क्या फास्ट फूड सच में घर के खाने से ज्यादा हेल्दी हो सकता है?
'मैकडॉनल्ड्स का बर्गर घर के खाने से भी हेल्दी'
ये बयान ऐसे समय में आया है जब लोग अब अपने खाने को लेकर जागरूक हो गए हैं. लोग चाहते हैं कि खाने में प्रोटीन लिमिट में हो, नमक कम हो और खाना हेल्दी हो. इसी को लेकर एक एनालिस्ट ने कंपनी से पूछा कि क्या हेल्थ का ध्यान रखने वाले लोग अब वेस्टर्न फास्ट‑फूड से दूर जा रहे हैं और क्या मैकडॉनल्ड्स का नया प्रोटीन स्लाइस इसी वजह से लाया गया है? इस पर वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड ने कहा कि हेल्थ को लेकर लोगों की चिंता से उनके ग्राहकों पर कोई असर नहीं पड़ा है. कंपनी का कहना है कि सबसे जरूरी बात ये है कि खाने में क्या मिलाया गया है, इसकी पूरी जानकारी दी जाए और खाना बैलेंस हो. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ कालरा ने कहा कि अगर लोग सही जानकारी के साथ खाना चुनें, तो मैकडॉनल्ड्स का खाना कई दूसरी चीजों से बेहतर हो सकता है और कभी तो घर के खाने से भी.
यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की रिपोर्ट ने चौंकाया
पिछले कुछ सालों में लोग पैकेट वाले, बाहर के खाने में नमक और प्रोसेसिंग को लेकर ज्यादा अलर्ट हो गए हैं. 2024 की यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की रिपोर्ट के अनुसार, हमारे खाने में 70% ज्यादा नमक पैकेट और रेडीमेड फूड से आता है, ना कि खाना बनाते समय डाले गए नमक से. ज्यादा नमक खाने से हाई बीपी, स्ट्रोक और दिल की बीमारी का खतरा बढ़ता है.
वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड ने बताया कि मार्च के महीने में मैकडॉनल्ड्स में ज्यादा लोग खाने आए. इसकी सबसे बड़ी वजह 99 रुपये का सस्ता खाना रहा. पुराने स्टोर्स में बिक्री थोड़ी बढ़ी. कंपनी ने ये भी कहा कि मैकडॉनल्ड्स अब सिर्फ बर्गर ही नहीं बेचना चाहता. वो मैककैफे के जरिए चाहता है कि लोग रोज कॉफी पीने लगें और कॉफी आम लोगों के लिए सस्ती और आसानी से मिलने वाली बने.
वेस्टलाइफ फूडवर्क्स और भी रेस्टोरेंट खोलना चाहती है. कंपनी सस्ता खाना, मोबाइल से ऑर्डर करने की सुविधा और कॉफी पर जोर दे रही है, जिससे लोगों की संख्या बढ़े. FY26 में 48 नए रेस्टोरेंट खुले हैं और आगे हर साल 60 से ज्यादा खोलने का प्लान है. लोगों की पसंद बदल रही है, इसलिए मेन्यू में नए खाने के ऑप्शन जोड़े जाएंगे. एमडी कलरा ने कहा कि जो लोग ज्यादा प्रोटीन खाना चाहते हैं, वो अपने खाने में आराम से 5 ग्राम एक्सट्रा प्रोटीन जोड़ सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं