विज्ञापन

Gold Silver Prices: आज कहां क्‍या भाव रहा गोल्‍ड-सिल्‍वर? एक्‍सपर्ट ने चेताया- ऐसा हुआ तो भरभरा कर गिरेंगे सोना-चांदी

Gold Silver Experts Comments: कमोडिटी बाजार इस हफ्ते संतुलित लेकिन सतर्क माहौल में रहा, जहां कीमतों में स्थिरता के संकेत दिखे. एक्‍सपर्ट्स ने बताया है कि किन परिस्थितियों में सोना-चांदी चढ़ सकता है और कब भरभरा कर गिर सकता है.

Gold Silver Prices: आज कहां क्‍या भाव रहा गोल्‍ड-सिल्‍वर? एक्‍सपर्ट ने चेताया- ऐसा हुआ तो भरभरा कर गिरेंगे सोना-चांदी
Gold Silver Prices: सोना-चांदी के दाम में कैसा उतार-चढ़ाव रहेगा, पूरा अपडेट जानिए इस खबर में.

Gold Silver Rates Today: सोने-चांदी की कीमतों में इन दिनों काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. आज 11 अप्रैल को अंतरराष्‍ट्रीय मार्केट में सोने-चांदी के दाम गिरे हैं. कॉमेक्‍स पर सोना करीब 1 फीसदी या 47 डॉलर गिरकर 4,771 डॉलर/औंस के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं चांदी 0.54 फीसदी या 0.41 डॉलर की गिरावट के साथ 76.05 डॉलर/औंस के भाव पर ट्रेड करता दिखा. अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर जहां सोने-चांदी के दाम में गिरावट देखी गई, वहीं घरेलू सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में मामूली तेजी देखी गई. 

  • ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 24 कैरेट वाला सोना 400 रुपये की बढ़त के साथ 1.55 लाख रुपये/10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया, जो कि शुक्रवार शाम का भाव है. वहीं चांदी 1.6% या 3,800 रुपये बढ़कर 2.47 लाख रुपये/किलो (सभी टैक्‍स सहित) के भाव पर पहुंच गई. इससे पहले गुरुवार को इसमें गिरावट देखी गई थी और यह ₹2,43,200 पर बंद हुई थी.
  • IBJA यानी इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की बात करें तो 999 प्‍यूरिटी वाला यानी 24 कैरेट सोना 1.50 लाख रुपये के करीब चल रहा है. वहीं 22 कैरेट सोना 1.37 लाख रुपये/10 ग्राम, जबकि 18 कैरेट सोना 1.12 लाख रुपये/10 ग्राम के करीब बिक रहा है. नई कीमतें सोमवार की सुबह जारी होंगी. 
  • घरेलू कमोडिटी मार्केट की बात करें तो MCX पर शुक्रवार को जून डिलीवरी वाला सोना 1,52,690 रुपये/10 ग्राम के भाव पर क्‍लोज हुआ, जबकि मई डिलीवरी वाली चांदी 2,43,300 रुपये/किलो के भाव पर क्‍लोज हुई थी. शनिवार को कमोडिटी बाजार बंद रहते हैं, जो सोमवार की सुबह खुलेंगे. नई कीमतें तब जारी होंगी. 

इस हफ्ते कैसी रही सोने-चांदी की चाल? 

सोने की कीमतों में इस हफ्ते 1.65% की बढ़त दर्ज की गई, जिससे लगातार तीसरे हफ्ते इसमें तेजी बनी रही. सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) की बढ़ती मांग, अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और अमेरिका-ईरान के बीच चल रही सीजफायर बातचीत ने इस तेजी को समर्थन दिया. सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोने के जून फ्यूचर्स में 0.02% की हल्की बढ़त रही, जबकि चांदी के मई फ्यूचर्स में 0.01% की मामूली तेजी देखी गई.

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, 999 प्यूरिटी वाले सोने का भाव शुक्रवार को 1,50,327 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा, जो सोमवार के 1,47,891 रुपए के स्तर से ज्यादा है. वहीं 999 प्यूरिटी वाली चांदी की कीमत शुक्रवार को 2,39,934 रुपए प्रति किलोग्राम रही, जो पिछले सोमवार के 2,31,028 रुपए से ज्यादा है.

विश्लेषकों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोना 3% साप्ताहिक बढ़त के साथ 4,787.40 डॉलर/ औंस पर बंद हुआ. हालांकि 5,000 डॉलर के स्तर के आसपास इसे मजबूत रेजिस्टेंस माना जा रहा है, जिसके पार जाने पर तेज तेजी देखने को मिल सकती है.

Add image caption here

सोने-चांदी पर मार्केट एक्‍सपर्ट की राय  

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद डॉलर पर दबाव आया है, जिससे निवेशकों ने ब्याज दरों के भविष्य को लेकर नए सिरे से आकलन शुरू किया है. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई कम होने की उम्मीद बढ़ी है, जिससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की संभावना भी मजबूत हुई है.

कमोडिटी बाजार इस हफ्ते संतुलित लेकिन सतर्क माहौल में रहा, जहां कीमतों में स्थिरता के संकेत दिखे, हालांकि वैश्विक अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है. हाल की अस्थिरता के बाद कीमती धातुओं में स्थिरता के शुरुआती संकेत भी देखने को मिले हैं.

विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर-रुपया की चाल आगे भी कीमतों को प्रभावित करेगी. हाल में रुपए की मजबूती ने घरेलू बाजार में कीमतों को कुछ हद तक संतुलन दिया है. अगर डॉलर फिर से मजबूत होता है या वैश्विक जोखिम बढ़ता है, तो इसका असर कीमतों पर पड़ सकता है.

MCX पर सोने के लिए 1,48,000 से 1,46,000 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है, जबकि 1,54,000 से 1,55,000 रुपए के बीच रेजिस्टेंस है. वहीं, चांदी के लिए 2,30,000 से 2,25,000 रुपए का सपोर्ट जोन बना हुआ है, जबकि गहरे स्तर पर 2,05,000 से 2,00,000 रुपए का सपोर्ट माना जा रहा है.

दो एक्‍सपर्ट से समझिए, किस मोड़ पर खड़ा है बाजार

ऑगमोंट (Augmont) की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के अनुसार, 'ईरान संघर्ष पर कूटनीतिक सतर्कता और केंद्रीय बैंकों द्वारा निरंतर खरीदारी के समर्थन से बुलियन कीमतों में मजबूती से सुधार हुआ है.'

इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने बताया कि अमेरिका-ईरान युद्धविराम के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है, जिससे महंगाई बढ़ने और ब्याज दरों में वृद्धि की चिंता कम हुई है. इससे सोने को सहारा मिला और यह लगातार तीसरे साप्ताहिक लाभ की ओर अग्रसर है.

बाजार में बढ़त के बावजूद तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि शांति वार्ता विफल होती है, तो सोना तेजी से नीचे गिर सकता है. वहीं, अगर कोई विश्वसनीय शांति समझौता होता है, तो सोने के लिए 5,000 डॉलर प्रति औंस का रास्ता साफ हो सकता है. फिलहाल बाजार एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है.

Inputs: PTI, Bloomberg, IANS, ComexLive

ये भी पढ़ें: Delhi EV Policy: दिल्‍ली में इलेक्ट्रिक कार, बाइक, टेंपो खरीदने पर 1.5 लाख तक का फायदा, रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस पूरी तरह माफ

Delhi EV Policy: दिल्‍ली में इलेक्ट्रिक कार, बाइक, टेंपो खरीदने पर 1.5 लाख तक का फायदा, रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस पूरी तरह माफ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com