इटली अपने फैशन को लेकर जाना जाता है और यहां से कई ऐसे मशहूर ब्रांड्स निकले हैं, जिनकी दीवानी आज पूरी दुनिया है. ऐसा ही एक ब्रांड है Dolce & Gabbana, जिसे 1985 में दो दोस्तों ने मिलकर शुरू किया था. ये थे- डोमेनिको डोल्चे और स्टेफनो गबाना.
इनके डिजाइन की खासियत है- फिटिंग वाले डिजाइन, चटख और रंग-बिरंगे प्रिंट, कढ़ाई-जड़ाई वाली सजावट और नए अंदाज में की गई टेलरिंग. डोल्चे एंड गबाना के कलेक्शन में सिर्फ रेडी-टू-वियरिंग कपड़े ही नहीं हैं, बल्कि एक्सेसरीज और परफ्यूम भी शामिल हैं.
आज डोल्चे एंड गबाना के प्रोडक्ट्स इतने महंगे आते हैं कि इन्हें आम आदमी अफॉर्ड ही नहीं कर सकता. इसकी एक टाई भी 40 हजार रुपये की पड़ती है. कुछ प्रोडक्ट्स की कीमत कम भी है. उसके बारे में भी जानेंगे लेकिन पहले इस कंपनी का पूरा इतिहास समझ लेते हैं.
डोल्चे और गबाना ने कैसे की शुरुआत?
डोल्चे और गबाना दोनों ही ऐसे परिवार से आते हैं, जो टेलरिंग और सिलाई-बुनाई से जुड़ा था. सिसिली में जन्मे डोल्चे के पिता टेलर थे. वहीं, गबाना का बचपन मिलान शहर में बीता, जहां उनके पिता एक प्रिंटिंग फैक्ट्री और उनकी मां लॉन्ड्री सर्विस में काम करती थीं.
डोल्चे और गबाना की मुलाकात 1980 के दशक की शुरुआत में मिलान में हुई, जहां वे इटैलियन डिजाइनर जियोर्जियो कोरेगियारी के स्टूडियो में काम करते थे. 1983 तक वे एक-दूसरे के साथ रोमांटिक रिलेशन में आ गए और उन्होंने एक डिजाइन कंसल्टेंसी सर्विस शुरू की, जिसके तहत वे मैक्समारा (MaxMara) और मार्जोटो (Marzotto) जैसे फैशन हाउस के लिए फ्रीलांस काम करते थे.
इस बीच, डोल्चे और गबाना ने अपने कपड़े भी डिजाइन किए और उन्हें लोकल बुटीक में बेचा. 1985 में उन्हें मिलान फैशन वीक में नए टैलेंट के शोकेस में अपना काम दिखाने का न्योता मिला. उनका पहला कलेक्शन, जिसका नाम 'जियोमेट्रिसिमो' (Geometrissimo) था.

Photo Credit: AFP
अगले साल उन्होंने महिलाओं के लिए अपना पहला पूरा 'रेडी-टू-वियर' कलेक्शन, 'रियल वुमन' पेश किया. इसके लिए उन्होंने अपने दोस्तों को काले जर्सी ड्रेस और टॉयल शॉल पहनाकर रैंप पर उतारा, क्योंकि वे प्रोफेशनल मॉडल हायर नहीं कर सकते थे. डोल्चे और गबाना का शुरुआती काम सादा था, लेकिन इसने टेलरिंग और उस समय के मिनिमलिस्ट ट्रेंड से हटकर काम करने के कारण लोगों का ध्यान खींचा.
अपनी शुरुआत के कुछ साल बाद ही अपनी यूनिक डिजाइन और प्रिंट के कारण डोल्चे एंड गबाना पॉपुलर हो गया. 1990 में डोल्चे एंड गबाना ने पुरुषों के लिए अपना पहला कलेक्शन लॉन्च किया. इसके बाद कंपनी ने और दूसरे प्रोडक्ट्स में भी विस्तार करना शुरू कर दिया.
मशहूर हस्तियों, खासकर मैडोना के साथ जुड़ने से भी कंपनी को काफी पहचान मिली. उन्होंने मैडोना के 1993 के 'गर्ली शो' टूर के लिए 1,500 से ज्यादा कॉस्ट्यूम डिजाइन किए थे। इस सहयोग और मोनिका बेलुची और इसाबेला रोसेलिनी जैसी एक्ट्रेस के साथ लगातार काम करने से ब्रांड की छवि ग्लैमरस, आकर्षक और पॉप कल्चर से गहराई से जुड़ी हुई बन गई.
यह भी पढ़ेंः भारत का वो 'सीक्रेट', जिससे दुनिया में बिक रहा 'मेड इन इंडिया' पेट्रोल-डीजल
कितना महंगा है डोल्चे एंड गबाना?
डोल्चे एंड गबाना (D&G) के सामान बहुत महंगे आते हैं. इसके सबसे सस्ते सामानों में परफ्यूम और कॉस्मेटिक्स आते हैं.
इस ब्रांड का 50 ml का परफ्यूम 6,650 रुपये के आसपास मिल जाएगा. वहीं, इसका आईशैडो, मस्कारा या फाउंडेशन 3,500 से 4,500 रुपये के बीच आ जाते हैं. लेकिन ये सिर्फ शुरुआती कीमत है.

अगर फैशन में जाएंगे तो इसका सबसे सस्ता सामान भी बहुत महंगा मिलेगा. उदाहरण के लिए, इस ब्रांड की फ्लैट कैप की कीमत ही 35,990 रुपये है. इसकी एक टी-शर्ट की कीमत 41,990 रुपये है. कुछ-कुछ टी-शर्ट की कीमत तो लाखों में भी है. इसका सबसे सस्ता वॉलेट भी 46,990 रुपये का पड़ता है.

ये ब्रांड कितना महंगा है? इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि इसकी सबसे सस्ती अंडरवियर भी 13,990 रुपये की आती है. इसकी टाई की कीमत भी 415 डॉलर है, जो भारतीय करंसी के हिसाब से लगभग 40,000 रुपये होती है.
डोल्चे एंड गबाना ब्रांड का बेल्ट 63,490 रुपये का आता है. इसकी जींस 75,990 रुपये और जॉगर्स 76,990 रुपये का मिलता है.

अगर आप इस ब्रांड का ब्रीफकेस खरीदना चाहते हैं तो इसके लिए 4,84,990 रुपये खर्च करने होंगे. इसका ब्लेजर 3,21,990 रुपये का आता है. वहीं, इसके थ्रीपीस सूट के लिए 2,88,990 रुपये खर्च करने पड़ेंगे.
यह भी पढ़ेंः लुई विटॉन का सबसे सस्ता बैग भी आता है बहुत महंगा... जानें- कैसे 16 साल के बेघर लड़के ने बनाया इतना बड़ा ब्रांड
विवादों में भी रहा है ब्रांड
डोल्चे एंड गबाना का सफर कई विवादों से भी घिरा रहा. 2015 में, ब्रांड को बहिष्कार का सामना करना पड़ा, जब डिजाइनरों ने इटैलियन मैगज़ीन 'पैनोरमा' के साथ एक इंटरव्यू में IVF की आलोचना की. कई महीनों बाद उन्होंने माफी मांगी.

Photo Credit: AFP
2018 में दोनों एक बार फिर एड कैंपेन को लेकर विवादों में फंस गए. इस एड में उन्होंने एक चीनी मॉडल को चॉपस्टिक से इटैलियन डिश खाने में संघर्ष करते हुए दिखाया गया था. इस एड को लेकर शंघाई में होना वाला फैशन शो रद्द करना पड़ा. ब्रांड के प्रोडक्ट्स को चीन के बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. बाद में डोल्चे और गबाना ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी लेकिन चीनी बाजार में फिर से खुद को खड़ा कर पाने में ब्रांड को कई साल लग गए.
इस ब्रांड की दीवानी मैडोना और किम कार्दशियन जैसी हस्तियां भी हैं. मैडोना ने एक बार कहा था कि डोल्चे एंड गबाना के कपड़े उनकी तरह ही मजाकिया और सेक्सी हैं. वहीं, 2022 में D&G ने किम कार्दशियन के साथ मिलकर 'Ciao Kim' नाम का एक स्पेशल कलेक्शन लॉन्च किया था.
लेकिन तमाम विवादों के बावजूद डोल्चे एंड गबाना लग्जरी ब्रांड बना हुआ है. आज दुनियाभर में इसके 400 से ज्यादा स्टोर्स हैं. कंपनी का सालाना रेवेन्यू 2 अरब डॉलर से ज्यादा रहता है. वहीं, इसके फाउंडर डोल्चे और गबाना की नेटवर्थ ढाई-ढाई अरब डॉलर से भी ज्यादा है.
यह भी पढ़ेंः गुच्ची की टोपी खरीदने में ही चली जाएगी महीनेभर की सैलरी... जानें- एक वेटर ने कैसे खड़ी की इतनी बड़ी कंपनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं