विज्ञापन

DA Hike News: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, AICPI डेटा से समझें- 50 हजार से 1 लाख तक की सैलरी वालों का कितना बढ़ेगा महंगाई भत्ता

DA DR Hike पर ताजा अपडेट सामने आया है. वित्त मंत्रालय के अधीन लेबर ब्‍यूरो ने नया AICPI-IW डेटा रिलीज किया है. 12 महीनों के औसत के आधार पर कैलकुलेशन देख लीजिए, किसे कितना मिलेगा महंगाई भत्ता. 

DA Hike News: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, AICPI डेटा से समझें- 50 हजार से 1 लाख तक की सैलरी वालों का कितना बढ़ेगा महंगाई भत्ता
DA Hike DR Hike News: केंद्रीय कर्मियों का कितना बढ़ जाएगा महंगाई भत्ता?
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

DA Hike Updates News: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए DA यानी महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) और पेंशनर्स के लिए DR यानी महंगाई राहत (Dearness Relie) पर बड़ा अपडेट सामने आया है. जुलाई में DA के 3 से 4 फीसदी बढ़ने की संभावना बन रही है. ये हम यूं ही हवा में नहीं कह रहे हैं, बल्कि AICPI-IW के आंकड़े और कैलकुलेशन के नियम के आधार पर बता रहे हैं. नीचे हमने जो कैलकुलेशन समझाया है, उसके आधार पर DA बढ़ोतरी की गई तो केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 63% या 64% हो सकता है. 

वित्त मंत्रालय ने अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए DA में 2% बढ़ोतरी का ऐलान किया था. यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुई थी, जिससे DA 58% से बढ़कर 60% हो गया था. जनवरी 2026 से DA 60% मिल रहा है और अब सभी की नजर 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली अगली बढ़ोतरी पर टिकी है. 

लेबर ब्यूरो ने जुलाई 2026 के AICPI-IW आंकड़े भी जारी कर दिए गए हैं. आंकड़ों के मुताबिक जुलाई 2026 में सूचकांक 1.3 अंक बढ़कर 153.2 अंक पर पहुंच गया है, जिससे DA में 3% से 4% की जोरदार बढ़ोतरी तय मानी जा रही है. हालांकि जुलाई के DA बढ़ोतरी के लिए पिछले 12 महीनों के AICPI-IW आंकड़ों का औसत लिया जाता है. यानी कि जुलाई 2025 से जून 2026 तक के AICPI-IW के आंकड़े अहम होने वाले हैं. नीचे हमने इन्‍हीं आंकड़ों के आधार पर कैलकुलेशन किया है.  

ये भी पढ़ें: सितंबर की ये 6 तारीखें नोट कर लें कर्मचारी-पेंशनर्स, सैलरी-पेंशन-भत्ते पर मिल सकती है गुड न्यूज

49 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को फायदा

DA कर्मचारियों की बेसिक सैलरी का अहम हिस्सा होता है, जो जीवन-यापन की लागत और बढ़ती महंगाई के असर को संतुलित करने के लिए दिया जाता है. केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को ये लाभ मिलता है. केंद्र सरकार की सेवाओं में कार्यरत करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनरों को इस बढ़ोतरी का सीधा फायदा मिलेगा, जिसमें रक्षा और रेलवे कर्मी भी शामिल हैं. कुल वेतन में होने वाला इजाफा कर्मचारी के पे मैट्रिक्स लेवल और बेसिक पे के अनुसार तय होता है.

AICPI-IW के आंकड़े और ताजा ट्रेंड

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन लेबर ब्यूरो ने जुलाई 2026 का ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) जारी किया है. जून में यह सूचकांक 151.9 अंक था, जो जुलाई 2026 में 1.3 अंक चढ़कर 153.2 अंक पर पहुंच गया. चार्ट के मुताबिक, पिछले एक साल के आंकड़ों का ट्रेंड इस प्रकार रहा है. 

  • जुलाई 2025: 146.5
  • अगस्त 2025: 147.1
  • सितंबर 2025: 147.3
  • अक्टूबर 2025: 147.7
  • नवंबर 2025: 148.2
  • दिसंबर 2025: 148.2
  • जनवरी 2026: 148.6
  • फरवरी 2026: 148.5
  • मार्च 2026: 149.1
  • अप्रैल 2026: 149.9
  • मई 2026: 150.8
  • जून 2026: 151.9
  • जुलाई 2026: 153.2

7वें वेतन आयोग के तहत DA का कैलकुलेशन

देश में अभी 7वां केंद्रीय वेतन आयोग (7th Pay Commission) लागू है और 7वें वेतन आयोग के नियमों के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले DA का निर्धारण पिछले 12 महीनों (जुलाई 2025 से जून 2026) के औसत AICPI-IW सूचकांक के आधार पर किया जाता है.

केंद्र सरकार के कर्मियों के लिए तय फॉर्मूला ये है- 

DA% =  [(12 महीनों का औसत AICPI-IW × 2.88) − 261.33] / 261.33 × 100

जुलाई 2025 से जून 2026 तक के 12 महीनों का औसत सूचकांक 148.65 बैठता है.

148.65 × 2.88 = 428.11
फिर 
428.11 − 261.33 = 166.78
फिर
(166.78÷261.33) × 100 = 63.82%

अब चूंकि जुलाई 2026 के लिए कुल गणना 63.82% निकलती है और जनवरी 2026 से 60% DA लागू है, तो इसका अंतर आता है- 3.82% 

  • यानी दशमलव के बाद के अंकों को राउंड-ऑफ करने के नियमों के तहत 3% की सीधी बढ़ोतरी पक्की लग रही है
  • वहीं 3.82% को राउंडिंग की स्थिति में करें तो यह 4% भी हो सकती है. 
  • इससे कुल DA 63% से 64% के स्तर तक पहुंच सकता है.

बढ़कर कितना हो जाएगा महंगाई भत्ता?

DA में बढ़ोतरी के बाद इसे अगर 63 या 64 फीसदी मान लिया जाए तो

  • 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 31,500 रुपये या 32,000 रुपये हो सकता है.
  • इसी तरह 60,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 37,800 रुपये या 38,400 रुपये हो सकता है.
  • 70,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 44,100 रुपये या 44,800 रुपये हो सकता है.
  • 80,000 रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 50,400 रुपये या 51,200 रुपये हो सकता है.
  • एक लाख रुपये की बेसिक सैलरी वालों का DA करीब 63,000 रुपये या 64,000 रुपये हो सकता है.

बढ़ोतरी का आधिकारिक ऐलान कब?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि DA Hike यानी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान कब किया जाएगा. 
देखिए, जैसा कि आप जानते हैं, केंद्र सरकार जो है, वो साल में दो बार DA में संशोधन करती है.  
पहला DA Hike 1 जनवरी से और दूसरा DA Hike 1 जुलाई से लागू होता है. 

जुलाई से लागू होने वाली बढ़ोतरी का आधिकारिक ऐलान आमतौर पर त्योहारी सीजन के आसपास किया जाता रहा है.
यानी सितंबर के अंत या अक्टूबर के पहले हफ्ते में DA बढ़ोतरी का ऐलान किया जा सकता है. 
हो सकता है तभी केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिल जाए और फिर तय हो जाएगा कि DA कितना बढ़कर मिलने वाला है. 

जाते-जाते ये भी बता दें कि ऐसा नहीं है कि अक्‍टूबर में ऐलान होने से कर्मचारियों को कुछ घाटा होने वाला है. उन्‍हें जुलाई से लागू मानकर DA दिया जाएगा. यानी जुलाई, अगस्‍त और सितंबर का DA भी एरियर के तौर पर अक्‍टूबर की सैलरी में जुड़कर मिल सकता है.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DA Hike, DA Hike 3 Percent In July 2026, 7th Pay Commission Allowance Hike, Da Dr Hike 2026, DA Hike Announcement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com