कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में सोमवार को अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. पिछले हफ्ते छह महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंचने के बाद ब्रेंट और WTI क्रूड दोनों धड़ाम से नीचे आ गए. हालांकि, मिडिल ईस्ट में तनाव और सप्लाई को लेकर चिंताएं अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, लेकिन जबरदस्त तेजी के बाद हुई मुनाफावसूली (Profit Booking) और सप्लाई में कुछ सुधार के चलते कीमतों में यह नरमी देखने को मिली है.
कितने नीचे आए कच्चे तेल के दाम?
ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1.56 डॉलर यानी करीब 1.34% गिरकर 115.16 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, अमेरिकी क्रूड फ्यूचर्स 1.60 डॉलर यानी करीब 1.55% की गिरावट के साथ 101.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड अप्रैल के बाद अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था. सोमवार की गिरावट को पिछले दिनों आई तेजी के बाद कीमतों में आई कमी के तौर पर देखा जा रहा है.
क्या प्रॉफिट बुकिंग बनी कीमतों में गिरावट की वजह?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तेल के दाम गिरने के पीछे सबसे बड़ी वजह ट्रेडर्स की मुनाफावसूली है. कीमतों में तेज उछाल के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया. इसके अलावा, एक टेक्निकल इंडिकेटर ने भी संकेत दिया कि तेल की कीमतें जरूरत से ज्यादा बढ़ चुकी थीं. अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी जस की तस बनी हुई है, जिस पर निवेशकों की पैनी नजर है.
मिडिल ईस्ट का तनाव और 'हॉर्मुज स्ट्रेट' का डर
इस साल अब तक ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 90% का उछाल आ चुका है. इसकी मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में सुलग रही जंग और तेल सप्लाई बाधित होने का लगातार मंडराता खतरा है. इस संघर्ष में यमन के हूती विद्रोही भी कूद पड़े हैं. हाल ही में ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि अमेरिका और इजरायल ईरान पर बड़े एक्शन की तैयारी में हैं, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया था. वीकेंड पर सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष और बढ़ने की खबरें आईं, जिसमें रियाद के एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया.
राहत की बात यह है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Hormuz Strait) से कच्चे तेल की आवाजाही युद्ध से पहले के स्तर के करीब लौट आई है, जिससे सप्लाई में कुछ सुधार हुआ है. फारस की खाड़ी को जोड़ने वाले इस अहम समुद्री रास्ते पर अगर जरा भी आंच आई, तो तेल की कीमतें फिर से आसमान छू सकती हैं.फिलहाल, कच्चे तेल की अगली चाल पूरी तरह से मिडिल ईस्ट के हालात और ग्राउंड अपडेट्स पर टिकी है.
यह भी पढ़ें | LPG Strike: त्योहारों पर LPG सिलेंडर की होगी किल्लत? डिस्ट्रीब्यूटर्स ने हड़ताल से बनाई दूरी, जानें पूरा मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं