विज्ञापन

LPG Strike: क्या त्योहारों पर LPG सिलेंडर की होगी किल्लत? डिस्ट्रीब्यूटर्स ने हड़ताल से बनाई दूरी, जानें पूरा मामला

LPG Distributors Strike: दिल्ली में 26 अक्टूबर को प्रस्तावित धरने और अनिश्चितकालीन हड़ताल से पहले LPG डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन ने इससे दूरी बना ली है. कमीशन बढ़ाने और कारोबारी दबाव कम करने के लिए तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय से बातचीत जारी है.

LPG Strike: क्या त्योहारों पर LPG सिलेंडर की होगी किल्लत? डिस्ट्रीब्यूटर्स ने हड़ताल से बनाई दूरी, जानें पूरा मामला
LPG Strike Update: 26 अक्टूबर को बंद नहीं होगी एलपीजी सप्लाई! बड़े डिस्ट्रीब्यूटर संगठनों ने हड़ताल से खींचे हाथ, जानें क्या है पूरा मामला
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

LPG Distributors Strike: त्योहारों के इस सीजन में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आम लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. दिल्ली में 26 अक्टूबर को प्रस्तावित एक दिवसीय धरने और हड़ताल को लेकर देश के प्रमुख एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर संगठनों ने बड़ा फैसला लिया है .LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के दो बड़े संगठनों ने इससे दूरी बना ली है. इतना ही नहीं उन्होंने हड़ताल का विरोध करते हुए त्योहारों के दौरान बिना किसी रुकावट के देशभर में एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई जारी रखने का भरोसा दिया है. फेडरेशन ऑफ LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया (FLDI) और ऑल इंडिया LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (AILDF) ने कहा है कि त्योहारों से पहले मांगों को पूरा कराने के लिए हड़ताल के बजाय तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय से बातचीत का रास्ता अपनाया जाना चाहिए. बता दें कि LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (LDAI) ने 26 अक्टूबर को दिल्ली में एक दिन के धरने का ऐलान किया है.

पांच साल से नहीं बढ़ा LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स का कमीशन

घरेलू LPG सिलेंडर की बिक्री पर डिस्ट्रीब्यूटर्स को मिलने वाला कमीशन पिछले पांच साल से नहीं बढ़ा है, जबकि इस दौरान खर्च बढ़े हैं. डिस्ट्रीब्यूटर्स कमीशन में बढ़ोतरी के साथ कामकाज और कारोबार से जुड़ी दूसरी परेशानियों का समाधान भी चाहते हैं. FLDI ने कहा कि वह प्रस्तावित प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का समर्थन नहीं करता, लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर्स की मांगों को लेकर तेल कंपनियों और मंत्रालय से बातचीत जारी रखेगा.

AILDF ने भी 26 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की बात कही है. संगठन का कहना है कि मुश्किल हालात के बावजूद घरों तक LPG की सप्लाई जारी रहेगी.

21 अक्टूबर को तेल कंपनियों के साथ हुई बैठक

21 अक्टूबर को मुंबई में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मुख्यालय में बैठक हुई. इसमें इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के मार्केटिंग डायरेक्टर, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. AILDF और FLDI के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. इस बैठक में कमीशन बढ़ाने, डिस्ट्रीब्यूटर्स की सहमति के बिना रिफिल ऑर्डर में बदलाव रोकने और दूसरे  प्रोडक्ट बेचने के लिए दबाव खत्म करने की मांग रखी गई. संगठनों ने डिस्ट्रीब्यूटर्स और तेल कंपनियों के फील्ड अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए लिखित नियम बनाने की भी मांग की.

बढ़ते खर्च से डिस्ट्रीब्यूटर्स परेशान

ऑल इंडिया HP गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (AIHPGDA) के मुताबिक, डिस्ट्रीब्यूटर्स ने बैठक में आर्थिक परेशानी, बढ़ते खर्च और कामकाज से जुड़ी दिक्कतें उठाईं. डिजिटल सुधारों से पारदर्शिता बढ़ी है, लेकिन कई बाजारों में रिफिल की बिक्री घटी है और खर्च बढ़ते रहे हैं. नए कनेक्शन पर रोक, बिना पेमेंट के काम और बिना बिके कमर्शियल स्टॉक से भी कारोबार पर दबाव बढ़ रहा है.

सरकार से कमीशन बढ़ाने का प्रस्ताव 

AIHPGDA के मुताबिक, तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि कमीशन बढ़ाने का प्रस्ताव पेट्रोलियम मंत्रालय को भेजा जा चुका है. अधिकारियों ने तय समय में अंतरिम बढ़ोतरी की सिफारिश मिलकर करने पर भी सहमति जताई, लेकिन मंत्रालय की मंजूरी अभी बाकी है.

दूसरे प्रोडक्ट की बिक्री पर भी उठाए सवाल

डिस्ट्रीब्यूटर्स ने DNDE और FTL समेत गैर-ईंधन उत्पादों की बिक्री के लिए दबाव बनाने पर भी चिंता जताई. उनका कहना है कि कारोबार ग्राहकों की वास्तविक मांग के आधार पर होना चाहिए, न कि तय किए गए बिक्री लक्ष्यों के दबाव में. FLDI के मुताबिक, तेल कंपनियों ने इन मुद्दों पर विचार करने का भरोसा दिया है.संगठनों ने कमर्शियल ऑर्डर के लिए दर्ज सहमति,  डिजिटल रिकॉर्ड, शिकायतों के समाधान के लिए स्वतंत्र व्यवस्था और तेल कंपनियों के रिकॉर्ड का इनवॉइस व GST रिटर्न से मिलान करने की मांग भी की. उन्होंने सप्लाई चेन की जवाबदेही, ग्राहकों की सुरक्षा और LPG डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के लिए पांच साल की योजना बनाने पर जोर दिया.

LPG की सप्लाई  बहाल होने में लग सकता है समय

AIHPGDA के अनुसार, तेल कंपनियों ने डिस्ट्रीब्यूटर्स और कर्मचारियों के काम की सराहना की है, लेकिन हालात पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है. AILDF ने कहा कि वह मार्च से अप्रैल, जून, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर तक लगातार इन मुद्दों को तेल कंपनियों, पेट्रोलियम मंत्रालय और गैस क्षेत्र के अधिकारियों के सामने उठाता रहा है. संगठनों का कहना है कि डिस्ट्रीब्यूटर्स की आर्थिक परेशानियों का समाधान जरूरी है, ताकि घरों तक LPG की सप्लाई बिना रुकावट जारी रह सके.

यह भी पढ़ें | ईरान ने पाकिस्तान का एलपीजी निर्यात रोका, 7,000 रुपये तक पहुंची एक घरेलू सिलेंडर की कीमत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPG Distributors Strike, LPG Strike, Lpg Cylinder, LPG Commission Revision, LPG Cylinder Commission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com