9 years ago
शिमला:
हिमाचल प्रदेश में बीजेपी ने रुझानों में बहुमत हासिल कर लिया है. कुल 48 केन्द्रों की मतगणना जारी है. सुजानपुर सीट से भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल रुझानों में पीछे चल रहे हैं, वहीं इसी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र राणा काफी आगे हैं. बता दें कि राज्य में पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी भाजपा और कांग्रेस ने सभी 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. हिमाचल में कुल 68 विधानसभा सीटों के लिए भाजपा ने बहुमत का 35 का जादुई आंकड़ा छू लिया है. विधानसभा में भाजपा, कांग्रेस और माकपा सहित अन्य दलों के कुल 377 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. इसमें 19 महिलाएं, नौ कैबिनेट मंत्री और 51 विधायक भी चुनावी मैदान में हैं. हिमाचल के नतीजों में नौ मंत्रियों, आठ सीपीएस समेत 60 विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर है. हिमाचल में 7524 मतदान केन्द्रों में करीब 38 लाख मतदाता ने ईवीएम में नई सरकार चुनने के लिए मतदान किया.